सपा सांसदों ने संसद परिसर में किया प्रदर्शन
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सोमवार सुबह 11 बजे संसद परिसर में विपक्षी सांसदों के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस एक्शन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बयान की मांग की। साथ ही राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जवाब मांगा।
डिंपल यादव की मांग
सपा सांसद डिंपल यादव ने सोमवार को संसद भवन के बाहर कहा कि हमारी मांग है कि सरकार राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर जवाब दे। केंद्र सदन के अंदर स्पष्टीकरण दे। यूपी सीएम भी बताएं कि जब दो साल से चोरी चल रही थी, तो यह उनकी नजरों के सामने कैसे नहीं आई।
अमित शाह की गैरमौजूदगी वाला कैलेंडर
अखिलेश के अलावा प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी सांसदों ने अमित शाह की तस्वीर वाले पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने अमित शाह की संसद से गैरमौजूदगी को दिखाने वाला कैलेंडर लहराया। कैलेंडर में शाह की तस्वीर के साथ सदन चलने की तारीखें लिखी थीं। हर तारीख के सामने 'गैरहाजिर' लिखा था।
सपा सांसदों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर पोस्टर लहराए और 'चंदा चोर, गद्दी छोड़' के नारे लगाए।
अखिलेश यादव के अन्य आरोप
अखिलेश ने महिला आरक्षण, परिसीमन और एफसीआरए विधेयक पर कहा कि सरकार सवाल से क्यों भाग रही है। लाठी चली, आंसू गैस के गोले चले, अस्पताल में छात्र भर्ती हुए, इलाहाबाद में आज भी बच्चों के ऊपर मुकदमें दर्ज हैं। जबकि सरकार ने कहा था कि मुकदमें नहीं होंगे। सच्चाई यह है कि ये संस्थाओं पर कब्जा करना चाहते हैं। भाजपा बहुत बड़ी भूमाफिया पार्टी है।
Amit Pateria