सुप्रिया सुले की बेटी के रिसेप्शन में पीएम मोदी और अमित शाह शामिल
पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेता सोमवार को NCP (शरद गुट) सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले की शादी के रिसेप्शन में पहुंचे। कार्यक्रम में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी मौजूद रहे। शाह और मोदी NCP (शरद गुट) प्रमुख शरद पवार के साथ बैठे दिखे। पीएम और पवार की साथ बैठे तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
सांसदों से मुलाकात और ज्ञापन
प्रधानमंत्री ने इससे कुछ घंटे पहले शरद पवार की पार्टी के 8 सांसदों के साथ मुलाकात की। इस दौरान NCP (SP) सांसदों ने सुप्रिया सुले के साथ प्रधानमंत्री को महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर लिखित ज्ञापन सौंपा। NCP (SP) सांसद अमोल कोल्हे ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने पुणे-नाशिक सेमी हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट और कृषि कर्ज माफी से जुड़ी चिंताएं प्रधानमंत्री के सामने रखीं। बैठक में प्याज की कीमतों और चंद्रभागा नदी में प्रदूषण से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए।
परिसीमन और राजनीतिक अटकलें
यह मुलाकात केंद्र के प्रस्तावित परिसीमन पर NCP (SP) के संभावित रुख को लेकर चल रही राजनीतिक अटकलों के बीच हुई। पहले सूत्रों ने संकेत दिया था कि पवार की पार्टी कुछ शर्तों के साथ प्रस्ताव का समर्थन कर सकती है। ऐसा होने पर पार्टी INDIA ब्लॉक के कुछ दलों से अलग रुख अपना सकती है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने कहा है कि अंतिम कानून देखने के बाद ही पार्टी अपना रुख तय करेगी।
पहले की मुलाकात और अफवाहें
इससे पहले, 22 जुलाई को शरद पवार और सुप्रिया सुले ने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी। जून में शरद पवार की पार्टी NCP (SP) के NDA में शामिल होने या कांग्रेस में विलय की अटकलें सामने आई थीं। हालांकि, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने इन सभी चर्चाओं को अफवाह बताया है।
NCP की स्थापना
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की स्थापना 10 जून 1999 को शरद पवार, पीए संगमा और तारिक अनवर ने की थी। तीनों नेताओं ने सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा उठाते हुए पार्टी नेतृत्व पर सवाल खड़े किए थे। कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। इसके बाद तीनों ने NCP का गठन किया।
Navjeet Kaur