यूरोप में 15 विमानों को बम की धमकी, फ्रांस ने फाइटर जेट भेजे

· 1 min read
यूरोप में 15 विमानों को बम की धमकी, फ्रांस ने फाइटर जेट भेजे

यूरोप में 15 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी, कई देशों में इमरजेंसी लैंडिंग

गुरुवार को यूरोप के पांच देशों — फिनलैंड, इटली, फ्रांस, चेक गणराज्य और बुल्गारिया — के 15 यात्री विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां प्राप्त हुईं। सुरक्षा एजेंसियों ने कई विमानों का मार्ग परिवर्तित किया। फ्रांस ने डबलिन से रोम जा रही उड़ान की सुरक्षा के लिए फाइटर जेट तैनात किए और विमान को फ्रांस के एव्रू सैन्य एयरबेस पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। इस विमान में 151 यात्री और चालक दल के 6 सदस्य सवार थे; सभी सुरक्षित हैं। अब तक किसी भी विमान में विस्फोटक या संदिग्ध उपकरण नहीं मिला है।

फिनएयर की हेलसिंकी से रोम जा रही उड़ान को बम की धमकी के बाद इतालवी फाइटर जेट की निगरानी में रोम के लियोनार्डो दा विंची हवाईअड्डे पर उतारा गया। बम निरोधक विशेषज्ञों ने विमान की तलाशी ली, जिससे हवाईअड्डे पर 30 मिनट तक उड़ानें रोकनी पड़ीं। हेलसिंकी से वियना जा रही जेटटाइम की एक उड़ान को भी धमकी मिली, लेकिन वह वियना में सामान्य रूप से उतर गई। इटली के मिलान से पोलैंड की राजधानी वॉरसॉ जा रही विज एयर की उड़ान का मार्ग बदलकर वियना में उतारा गया। बुखारेस्ट जा रही विज एयर की एक अन्य उड़ान सुरक्षित उतरी। पोलैंड की एयरलाइन LOT की वॉरसॉ से ब्रसेल्स जा रही उड़ान को सुरक्षा चेतावनी मिली; ब्रसेल्स में जांच के बाद कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला।

बुल्गारिया की राजधानी सोफिया जा रही रयानएयर की तीन उड़ानों को धमकियां मिलीं। इनमें से दो — कोपेनहेगन और मैड्रिड से — सोफिया हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतरीं, जबकि लंदन से आ रही तीसरी उड़ान को बुल्गारिया के दूसरे सबसे बड़े शहर प्लोवदिव में उतारा गया। चेक गणराज्य की राजधानी प्राग जा रही चार उड़ानों को भी धमकियां मिलीं; पुलिस के अनुसार चारों विमान सुरक्षित उतरे और जांच में कोई विस्फोटक या संदिग्ध डिवाइस नहीं मिला। इसके अलावा ग्रीस के थेसालोनिकी से मिलान आ रही एजियन एयरलाइंस और पुर्तगाल के पोर्टो से मिलान आ रही रयानएयर की उड़ान को भी बम की धमकी मिली; दोनों विमान सुरक्षित उतरे और हवाईअड्डे पर बम निरोधक विशेषज्ञों ने उनकी जांच की।

इस सप्ताह की तीसरी बड़ी घटना, विशेषज्ञों ने बताया असामान्य

इस सप्ताह यूरोप में विमानों को धमकियां मिलने की यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले मंगलवार को लगभग 10 विमानों को और सोमवार को ब्रिटेन में लगभग 7 उड़ानों को इसी तरह की धमकियां मिली थीं। ब्रिटेन के एयर ट्रांसपोर्ट सिक्योरिटी विशेषज्ञ पॉल मेसन ने BBC को बताया कि यात्री विमानों को बम की धमकी मिलना आम बात नहीं है। इस सप्ताह अलग-अलग देशों और एयरलाइंस के विमानों को जिस तरह निशाना बनाया गया है, वह असामान्य है। मेसन के अनुसार, अलग-अलग एयरलाइंस को विश्वसनीय तरीके से धमकियां दी गई हैं, जिससे लगता है कि ये घटनाएं महज इत्तेफाक नहीं, बल्कि किसी एक पक्ष की सोची-समझी कार्रवाई हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि धमकी मिलने के बाद एयरलाइन के क्रू मेंबर और जमीनी कर्मचारी कई स्तरों पर उसकी गंभीरता की जांच करते हैं, इसके बाद ही विमान को डायवर्ट करने या इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला लिया जाता है। कुछ धमकियां एयरलाइंस को ईमेल के जरिए भेजी गई थीं, हालांकि सभी धमकियों का तरीका और उनका स्रोत अभी स्पष्ट नहीं है।

हाइब्रिड वॉरफेयर की आशंका, रूस-ईरान की भूमिका स्पष्ट नहीं

यूरोप में हाल के दिनों में विमानों को बम की धमकियों के अलावा सुपरमार्केट और ब्लड बैंक के सिस्टम पर साइबर हमले भी हुए हैं। कई देशों के सुपरमार्केट में हैकर्स ने फ्रिज और फ्रीजर सिस्टम को निशाना बनाया, जिससे तापमान बढ़ने के कारण बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री खराब हो गई। फ्रांस में ब्लड बैंक के सिस्टम पर भी हमला हुआ, लेकिन वहां खून के स्टॉक को नुकसान नहीं पहुंचा। इन घटनाओं के बीच यूरोपीय देशों को आशंका है कि रूस और ईरान जैसे देश सीधे युद्ध किए बिना साइबर हमलों, तोड़फोड़ और जासूसी के

Adarsh Chaurasiya