भगवा, भक्ति, भीड़ और ब्रांडिंग—उत्तर प्रदेश की सियासत में इनके बीच सवाल खड़ा है... सत्ता की कुर्सी पर भगवाधारी योगी आदित्यनाथ, योग से जनमानस तक पहुंचे बाबा रामदेव और कथा, कैमरे तथा करिश्मे से छाए ग्लैमरस बाबा बागेश्वर... तीनों 'बाबा', लेकिन तीनों की भूमिका, पहुंच और पहचान अलग... योगी राजनीति के स्थापित खिलाड़ी हैं, रामदेव ने 2014 में खुलकर नरेंद्र मोदी का साथ दिया, जबकि धीरेंद्र शास्त्री धार्मिक लोकप्रियता के सहारे उत्तर प्रदेश में बड़े मंच साझा कर रहे हैं... क्या यह श्रद्धा का स्वाभाविक विस्तार है, सुनियोजित मंच-मैनेजमेंट या स्थानीय जातीय-सियासी समीकरणों का संगम?... क्या उनका रंगीन अंदाज जेन-जी को ज्यादा रिझाएगा?... क्या भाजपा को बिना पार्टी का झंडा उठाए रामदेव से बड़ा मददगार मिल रहा है, यहां तक कि योगी से भी ज्यादा प्रभावशाली?... क्या यह है थर्ड पार्टी पॉलिटिक्स जिसमें सियासी समीकरण दुरुस्त करने और बिगड़ने के लिए नया मंच नए चेहरे सामने लाए जाते है.. इस बहस का ताजा पड़ाव प्रतापगढ़ का कुंडा है... राजा भैया ने रामकथा का आयोजन किया और धीरेंद्र शास्त्री को प्रयागराज से खुद गाड़ी चलाकर अपने यहां लाए... मंच पर रामदेव, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और कई राजनीतिक चेहरे पहुंचे... गोंडा में अलग आयोजन में भी शास्त्री और रामदेव मौजूद रहे... लेकिन राजा भैया की अपनी जनसत्ता दल की राजनीति है; कुंडा के आयोजन को भाजपा का आधिकारिक कार्यक्रम बताना सही नहीं... फिर भी मंच की तस्वीरों का राजनीतिक अर्थ निकालना स्वाभाविक है... रामदेव की कहानी का राजनीतिक अध्याय 2014 से पहले खुल चुका था... योग शिविरों और संगठनात्मक विस्तार से बने समर्थक वर्ग को उन्होंने भ्रष्टाचार, कालेधन और यूपीए विरोध के मुद्दों पर सक्रिय किया... नरेंद्र मोदी का खुला समर्थन किया और ‘धर्मयुद्ध 2014’ जैसा अभियान सामने रखा... उनका राजनीतिक पक्ष स्पष्ट था... इसके उलट धीरेंद्र शास्त्री ने अब तक किसी दल के उम्मीदवारों के पक्ष में वैसा घोषित चुनावी अभियान नहीं चलाया... इसलिए ‘नया रामदेव’ कहना जितना आकर्षक है, उतना ही अधूरा भी... दोनों की ब्रांडिंग में बड़ा फर्क है... रामदेव के भगवा वस्त्र, योग, स्वदेशी और संस्थागत विस्तार के सामने धीरेंद्र का युवा चेहरा, रंगीन परिधान, तेज संवाद, दिव्य दरबार और सोशल मीडिया की चमक है... एक ने नियमित अभ्यास से अनुयायी जोड़े, दूसरे ने कथा और धार्मिक पहचान को डिजिटल दौर की भाषा दी... लेकिन कैमरे का करिश्मा और चुनावी क्षमता एक नहीं होते... जेन-जी इस अंतर की सबसे कठिन परीक्षा है... युवा भक्ति से जुड़ सकते हैं, फिर भी वे नौकरी, परीक्षा, शिक्षा, अवसर और जवाबदेही पर सवाल भी उठाते हैं... रील पर लोकप्रियता वोट में बदलने की कोई गारंटी नहीं... क्या धीरेंद्र उनकी आकांक्षाओं का भरोसेमंद प्रतिनिधित्व कर सकते हैं, या केवल धार्मिक उत्साह के क्षणिक आकर्षण तक सीमित रहेंगे?... सामाजिक समीकरण एक और चुनौती हैं... योगी के हिंदुत्व और भाजपा के व्यापक हिंदू एकीकरण के सामने अखिलेश यादव की पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक गोलबंदी है... कमंडल को मंडल की चुनौती यूं ही नहीं मिलती... शिवपुरी के करैरा में राम और कृष्ण की तुलना वाली टिप्पणी पर मथुरा-वृंदावन के संतों तथा यादव संगठनों ने विरोध किया... माफी के बाद भी मथुरा की एक झांकी में शास्त्री को कंस दिखाया गया... इससे पहले साईं बाबा और शिवाजी महाराज संबंधी टिप्पणियों के बाद भी उन्हें क्षमा मांगनी पड़ी थी... लोकप्रियता के साथ शब्दों का संयम भी जरूरी है... अयोध्या में चढ़ावे की कथित अनियमितताओं को लेकर दिग्विजय सिंह के आरोप और पारदर्शिता की मांग ने बहस की दूसरी दिशा खोली है... आरोपों को सिद्ध तथ्य नहीं माना जा सकता, मगर ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ के जरिए विपक्ष आस्था के भीतर जवाबदेही का सवाल उठा रहा है... दिग्विजय का यह तंज कि जहां शास्त्री की कथा हुई वहां चुनाव लड़ने वाले हार गए, राजनीतिक कटाक्ष है; चुनावी कारण का प्रमाण नहीं... दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी का बागेश्वर धाम में अस्पताल शिलान्यास, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का सामूहिक विवाह समारोह और अनिल बलूनी के आवास पर अमित शाह, रामदेव एवं धीरेंद्र की साझा मौजूदगी उनकी सार्वजनिक पहुंच का संकेत हैं... लेकिन औपचारिक राजनीतिक जिम्मेदारी का प्रमाण नहीं... योगी स्वयं सत्ता, संगठन और हिंदुत्व के स्थापित प्रतीक हैं... ग्लैमरस चेहरा जिसने भाजपा के शीर्ष नेताओं से लेकर उद्योगपतियों के बीच कम समय में कथावाचक और पर्ची खोलने वाले बाबा के रूप अपनी पैठ बनाई है, धीरेंद्र किसी नए मतदाता वर्ग तक भाजपा की पहुंच बढ़ाएं, यह संभव है; योगी से बड़े चुनावी प्रभावक बन जाएं, यह अभी अप्रमाणित अनुमान है... सवाल बाबा की यूपी में एंट्री का स्थान ,मंच पर उनके साथ मौजूद चेहरे योगी को मजबूत करने के लिए या उनके खिलाफ भाजपा के अंदर नए समीकरण बनाने की कवायत मानी जाएगी.. आखिर सवाल मंच का नहीं, मकसद और मैच्योरिटी का है... भक्तों की भीड़, ब्रांडिंग का कौशल और स्थानीय समीकरण किसी को चर्चा के केंद्र में ला सकते हैं... पर जनादेश दिलाने के लिए सामाजिक संतुलन, भरोसा और विवादों से ऊपर उठने की समझ चाहिए... रामदेव पीछे छूटे या नहीं, इसका फैसला तस्वीरें नहीं करेंगी... असली उत्तर 2027 के मतदाता और धीरेंद्र शास्त्री के अगले कदम देंगे...
भगवाधारी योगी, ग्लैमरस बाबा बागेश्वर... रामदेव पीछे? *(सवाल दर सवाल) (राकेश अग्निहोत्री)* यूपी चुनाव से पहले सनातन की नई सियासत, जेन-जी की चुनौती और मंडल-कमंडल के बीच धीरेंद्र शास्त्री की बढ़ती लोकप्रियता...