राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप भोपाल में शुरू
भोपाल के अपर लेक स्थित बोट क्लब में मंगलवार से राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप (रैंकिंग) 2026 शुरू हुई। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में 12 राज्यों के करीब 100 सेलर्स
11 से 16 अगस्त तक चलने वाली राष्ट्रीय रैंकिंग प्रतियोगिता में 12 राज्यों के करीब 100 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेलर्स हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उनकी राष्ट्रीय रैंकिंग तय होगी। यह रैंकिंग आगे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने की दिशा में महत्वपूर्ण होगी।
तकनीकी और आयोजन व्यवस्था
प्रतियोगिता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आयोजित करने के लिए याचिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (YAI) का तकनीकी मार्गदर्शन मिल रहा है। YAI के 12 ज्यूरी मेंबर्स और पदाधिकारी भोपाल पहुंच चुके हैं। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के वरिष्ठ अधिकारी भी आयोजन से जुड़े हैं। मध्यप्रदेश याटिंग एसोसिएशन प्रतियोगिता के संचालन में समन्वय कर रहा है।
भोपाल की झीलें और जल क्रीड़ा अकादमी
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि भोपाल की झीलें सेलिंग, रोइंग, कयाकिंग और केनोइंग जैसे खेलों के लिए अनुकूल हैं। मध्य प्रदेश राज्य जल क्रीड़ा अकादमी वर्ष 2007 से खिलाड़ियों को तैयार कर रही है। अकादमी में सेलिंग, रोइंग, कयाकिंग, केनोइंग और स्लालम की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
अकादमी के खिलाड़ियों ने अब तक 28 अंतरराष्ट्रीय और 69 राष्ट्रीय पदक जीते हैं तथा 37 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है। वर्ष 2025 की राजा भोज मल्टीक्लास सेलिंग चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश की टीम ने 8 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 16 पदक जीते थे।
विदेशी विशेषज्ञों से प्रशिक्षण
वाटर स्पोर्ट्स में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के लिए विभाग विदेशी प्रशिक्षकों की सेवाएं ले रहा है। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस, रणनीति और प्रतियोगिता के दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता पर काम किया जा रहा है।
सारंग ने कहा कि भोपाल में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ा एक्सपोजर हैं। यहां स्थानीय प्रतिभाओं को देश के शीर्ष सेलर्स के साथ प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलता है।
खेल परिसर और अन्य प्रतियोगिताएं
मंत्री ने कहा कि भोपाल में करीब 1000 करोड़ रुपए की लागत से अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर विकसित किया जा रहा है। इसके पहले चरण का लोकार्पण जल्द होगा। नवंबर में इसी परिसर में अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी एशियन चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। भोपाल अंतरराष्ट्रीय एशियन रोइंग चैंपियनशिप की मेजबानी भी करेगा।
समापन 16 अगस्त को
राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप का समापन और पुरस्कार वितरण समारोह 16 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा। विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
Amit Pateria