दिल्ली में साइबर ठगी का खुलासा, 9 आरोपी गिरफ्तार
कतर-दुबई तक फैला नेटवर्क
दिल्ली पुलिस ने देशभर में साइबर फ्रॉड से जुड़े 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये केरल, महाराष्ट्र, गुजरात और पंजाब से पकड़े गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पूछताछ में पता चला कि इनका नेटवर्क कतर और दुबई से जुड़ा है। वहां बैठे लोग इनकी मदद करते थे। इनके खिलाफ 34 शिकायतें मिली थीं। इन पर 15.71 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का आरोप है।
पालम कॉलोनी निवासी से ठगी का मामला
यह मामला दिल्ली के पालम कॉलोनी के निवासी की शिकायत पर सामने आया। उसे निवेश सीखने वाले सोशल मीडिया ग्रुप में जोड़ा गया। आरोपियों ने फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए मुनाफा दिखाकर निवेश कराया।
आरोपियों ने खुद को मार्केट एनालिस्ट और निवेश विशेषज्ञ बताया। पीड़ित ने शुरुआत में अलग-अलग बैंक खातों में 4.82 लाख रुपये जमा किए। भरोसा बढ़ाने के लिए उसे थोड़ी रकम निकालने की अनुमति दी गई। इसके बाद आईपीओ अलॉटमेंट के नाम पर 7.81 लाख रुपये और जमा करने को कहा गया।
शिकायत और एफआईआर
ठगी का शक होने पर पीड़ित ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत की। इसके बाद दक्षिण-पश्चिम जिले के साइबर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
मांगे जाते थे अलग-अलग शुल्क
इस नेटवर्क के झांसे में फंसे लोग जब रकम निकालने की कोशिश करते थे, तो उनसे टैक्स, ब्रोकरेज, आईपीओ चार्ज, वेरिफिकेशन फीस या मार्जिन के नाम पर पैसे मांगे जाते थे।
L. N. Bhargava