भोपाल में आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां जोरों पर

· 1 min read
भोपाल में आलमी तब्लीगी इज्तिमा  की तैयारियां जोरों पर

भोपाल में आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां अंतिम चरण में

भोपाल के ईटखेड़ी में 78वें आलमी तब्लीगी इज्तिमा का आयोजन 14 से 17 नवंबर तक किया जा रहा है। यह आयोजन धार्मिक समरसता और सामाजिक सहयोग का प्रतीक बनता जा रहा है। आयोजन स्थल पर 120 एकड़ में विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसमें हजारों वॉलंटियर्स खानपान, जलापूर्ति और प्रकाश व्यवस्था का प्रबंध कर रहे हैं। तैयारियों का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, और 17 नवंबर को सामूहिक दुआ के साथ इसका समापन होगा।

हर धर्म के लोगों का योगदान

इज्तिमा कमेटी के मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ. उमर हफीज ने बताया कि इस आयोजन में हिंदू और अन्य धर्मों के लोग भी अपनी जमीनें, श्रम और सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन वासुदेव कुटुंबकम के सिद्धांत को बढ़ावा देता है। पार्किंग और अन्य सुविधाओं के लिए भी विभिन्न धर्मों के लोगों की जमीनें उपयोग में लाई जा रही हैं।

व्यवस्थाओं में बड़ा विस्तार

इस साल तैयारियों में 20% की वृद्धि की गई है। पार्किंग एरिया को 350 एकड़ तक बढ़ाया गया है, जिसमें 71 पार्किंग जोन बनाए गए हैं। पंडाल का क्षेत्रफल भी 100 एकड़ से बढ़ाकर 120 एकड़ कर दिया गया है। कुल मिलाकर, व्यवस्थाएं 200 एकड़ में फैली हुई हैं, जिसमें सर्विस एरिया, वॉटर क्लोज, फूड जोन और एवोल्यूशन सेंटर शामिल हैं।

30 हजार लोग संभालेंगे व्यवस्थाएं

इज्तिमा स्थल की व्यवस्था 30 हजार प्रशिक्षित लोगों द्वारा संभाली जाएगी। इनमें 25 हजार वॉलंटियर्स इज्तिमा कमेटी के हैं और 5 हजार नगर निगम, प्रशासन और पुलिस बल से जुड़े हैं। ये टीमें सफाई, सुरक्षा, ट्रैफिक और पंडाल व्यवस्था का प्रबंधन करेंगी।

सेवा-शॉप्स और सफाई पर विशेष ध्यान

स्थल पर करीब 250 से 300 सेवा-शॉप्स लगाई जाएंगी, जहां खाने-पीने और जरूरी चीजें सब्सिडाइज रेट पर उपलब्ध होंगी। इन दुकानों का अलॉटमेंट लॉटरी सिस्टम के माध्यम से होगा और किसी से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। सफाई व्यवस्था के लिए विशेष टीमों को जिम्मेदारी दी गई है, जो कचरा तुरंत एकत्र करेंगी। भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त टेंट लगाने की भी तैयारी है।

Sachin Saxena