भोपाल में हनुमान जन्मोत्सव: भव्य शोभायात्राएं और 15 फीट की प्रतिमा मुख्य आकर्षण
हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 2 अप्रैल को राजधानी भोपाल में धार्मिक आस्था और उत्साह का वातावरण देखने को मिलेगा। शहर में विभिन्न संगठनों द्वारा दो प्रमुख भव्य शोभायात्राओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी की संभावना है।
'हिंदू एकता शोभायात्रा' और 'वीर बजरंगी गदा यात्रा'
जय मां भवानी हिंदू संगठन द्वारा 'हिंदू एकता शोभायात्रा' निकाली जाएगी। यह यात्रा छोटा तालाब स्थित कालीघाट मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों जैसे चार बत्ती, बुधवारा, इतवारा, मंगलवारा, हनुमानगंज, जुमेराती, घोड़ा निकास, बस स्टैंड, भोपाल टॉकीज और सिंधी कॉलोनी होते हुए बैरसिया रोड स्थित दुर्गा मंदिर पर समाप्त होगी। इस यात्रा का शुभारंभ हनुमान चालीसा पाठ से होगा और समापन एक बड़े भंडारे के साथ किया जाएगा। इस शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण 15 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा, राजस्थान के पारंपरिक ढोल-नगाड़े और मनमोहक आतिशबाजी होंगे। इसके अतिरिक्त, सामाजिक मुद्दों पर आधारित प्रतीकात्मक झांकियां भी इसमें शामिल की जाएंगी।
दूसरी ओर, बजरंग दल भोपाल विभाग द्वारा 'वीर बजरंगी गदा यात्रा' का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा शाम 4:30 बजे विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय, छोला रोड से शुरू होगी। इसका मार्ग फूटा मकबरा, गणेश मंदिर छोला, जे.पी. नगर, डीआईजी बंगला, काजी कैम्प, सिंधी कॉलोनी और करोंद से होकर संगठन के प्रांत कार्यालय पर समाप्त होगा। इस यात्रा में धार्मिक ध्वज, पारंपरिक वाद्ययंत्र और युवाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन में मुख्य वक्ता के रूप में संगठन के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत उपस्थित रहेंगे।
प्रशासन से सुविधाओं की मांग
दोनों आयोजनों को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित संगठनों ने स्थानीय प्रशासन से विभिन्न आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने की मांग की है। इनमें सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, उचित प्रकाश व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्गों पर विशेष व्यवस्थाएं करने का भी अनुरोध किया गया है।
Adarsh Chaurasiya