भोपाल में बिजली लाइन मरम्मत के दौरान युवक की करंट से मौत
परिजनों ने लाइनमैन पर लापरवाही का लगाया आरोप
भोपाल के बिलखिरिया क्षेत्र में बिजली लाइन पर काम करने के दौरान एक 22 वर्षीय युवक जितेंद्र कुशवाहा की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बिजली विभाग के लाइनमैनों ने सुरक्षा उपायों का पालन नहीं किया और युवक को बिना बिजली आपूर्ति बंद किए खंभे पर चढ़ा दिया, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, रायसेन रोड स्थित बिलखिरिया क्षेत्र में एक फेज की बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर लाइनमैन मौके पर पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि लाइनमैनों ने खुद काम करने के बजाय युवक जितेंद्र कुशवाहा को 500 रुपये का लालच देकर खंभे पर चढ़ा दिया। जिस लाइन पर काम कराया जा रहा था, उसकी बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई थी, जिसके कारण जितेंद्र करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव चार घंटे तक लटका रहा
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद दोनों लाइनमैन मौके से भाग गए और युवक का शव करीब तीन से चार घंटे तक बिजली के तार और खंभे के बीच लटका रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और बाद में ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा गया।
पूर्व में भी लग चुका था करंट
मृतक के भाई ने बताया कि जितेंद्र पहले भी बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ निजी तौर पर काम कर चुका है और इस दौरान उसे दो बार करंट लग चुका था। तब भी उसे किसी तरह के सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए थे।
पुलिस की जांच
बिलखिरिया थाना प्रभारी उमेश चौहान ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने पुलिस पर लगे आरोपों को निराधार बताया है और कहा कि यदि जांच में किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Amit Pateria