डॉ बीआर आंबेडकर लॉ इंटर्नशिप 5.0 का शुभारंभ, 657 छात्र कानूनी कामकाज सीखेंगे।

· 1 min read
डॉ बीआर आंबेडकर लॉ इंटर्नशिप 5.0 का शुभारंभ, 657 छात्र कानूनी कामकाज सीखेंगे।

डॉ बीआर आंबेडकर लॉ इंटर्नशिप 5.0 का शुभारंभ

एबीवीपी समर्थित दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) और अधिवक्ता परिषद दिल्ली प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को डॉ बीआर आंबेडकर लॉ इंटर्नशिप 5.0 का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य विधि छात्रों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करना है।

छात्रों का चयन और इंटर्नशिप का स्वरूप

इस वर्ष कार्यक्रम के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकाय से 964 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से साक्षात्कार के आधार पर 657 विद्यार्थियों का चयन किया गया। 1 जुलाई से चयनित छात्र सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और राजधानी की विभिन्न जिला अदालतों में वरिष्ठ अधिवक्ताओं और कानूनी विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में इंटर्नशिप करेंगे। इस दौरान उन्हें न्यायालयीन कार्यप्रणाली, लीगल ड्राफ्टिंग, केस की तैयारी और न्यायिक प्रक्रियाओं को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।

उद्देश्य और महत्व

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ सचिव कुणाल चौधरी ने कहा, इस इंटर्नशिप का उद्देश्य विधि छात्रों को केवल सैद्धांतिक नहीं, बल्कि व्यावहारिक ज्ञान से भी सशक्त बनाना है। इससे उनका पेशेवर आधार मजबूत होगा और वे न्याय व्यवस्था में प्रभावी योगदान देने के लिए तैयार होंगे। अधिवक्ता परिषद दिल्ली प्रांत के अध्यक्ष संजय पोद्दार ने कहा कि यह पहल युवा विधि विद्यार्थियों के कौशल विकास, व्यक्तित्व निखार और न्यायिक समझ को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Navjeet Kaur