हेमंत की ‘नब्ज टटोल’ रणनीति (दो टूक,,,, गीत दीक्षित)

· 1 min read
हेमंत की ‘नब्ज टटोल’ रणनीति
(दो टूक,,,, गीत दीक्षित)

महाकौशल की सियासत में नए समीकरणों की आहट,,..भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में बदलाव की सुगबुगाहट के बीच प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का जबलपुर दौरा केवल औपचारिक शिष्टाचार नहीं था, बल्कि यह महाकौशल की राजनीतिक नब्ज टटोलने की सुनियोजित रणनीति का हिस्सा था। जबलपुर, जो भाजपा की ऐतिहासिक धरती और मजबूत गढ़ रहा है, वहां हेमंत की वरिष्ठ नेताओं के साथ मंत्रणा ने संकेत दे दिया कि आगामी संगठनात्मक टीम में क्षेत्रीय संतुलन और पुराने धुरंधरों की भूमिका को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष के साथ विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की मौजूदगी इस दौरे को और भी वजनदार बनाती है। दोनों नेताओं ने जबलपुर के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर जिस खुले संवाद की पहल की, वह स्पष्ट संकेत देता है कि पार्टी की नई टीम में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व के साथ-साथ अनुभव और समर्पण को तरजीह दी जाएगी। हालांकि इन मुलाकातों के दौरान सामने आए कुछ विवादित मुद्दों ने भी हेमंत और तोमर की पेशानी पर हल्की सी शिकन जरूर डाली, लेकिन यही तो नेतृत्व की कसौटी होती है । जमीनी सच्चाइयों को सुनना और समाधान की दिशा तय करना। महाकौशल लंबे समय से भाजपा की रणनीतिक दृष्टि से उपेक्षित महसूस कर रहा था। हालांकि संसदीय चुनावों में प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है, लेकिन संगठनात्मक संरचना में इसकी भागीदारी पर सवाल उठते रहे हैं। हेमंत खंडेलवाल द्वारा स्थानीय नेतृत्व से संवाद करके न केवल भरोसे का माहौल बनाने की कोशिश की गई है, बल्कि यह भी संकेत दिया गया है कि इस बार दिल्ली और भोपाल के बीच महाकौशल की आवाज भी सुनी जाएगी। यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि प्रदेश में भाजपा की नई संगठनात्मक टीम की घोषणा होने वाली है। ऐसे में सवाल यही है कि क्या हेमंत की टीम में महाकौशल को पर्याप्त जगह मिलेगी? क्या पुराने नेताओं के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा के बीच संतुलन बन पाएगा? और सबसे बड़ा प्रश्न क्या हेमंत खंडेलवाल क्षेत्रीय संतुलन के नाम पर चल रही अंदरूनी रस्साकशी को सुलझा पाएंगे? राजनीतिक विश्लेषण कहता है कि हेमंत की यह ‘नब्ज टटोल’ यात्रा केवल एक दौरा नहीं थी, बल्कि यह संकेत थी उस आने वाले बदलाव की, जो प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में नई ऊर्जा भर सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस दौरे की गूंज भाजपा की नई टीम में कितनी गहराई से सुनाई देती है।

Related Articles