*राहुल की गूंज सिर्फ कांग्रेस नहीं बीजेपी के लिए भी क्यों चुनौती.. किसके लिए अवसर किसके लिए परीक्षा (सवाल दर सवाल) (राकेश अग्निहोत्री)*

· 1 min read
*राहुल की गूंज सिर्फ कांग्रेस नहीं बीजेपी के लिए भी क्यों चुनौती.. किसके लिए अवसर किसके लिए परीक्षा (सवाल दर सवाल) (राकेश अग्निहोत्री)*

(राहुल गांधी का नया सियासी पड़ाव... जीतू पटवारी के लिए शक्ति प्रदर्शन से ज्यादा संगठन की परीक्षा... और भाजपा के लिए युवाओं के बीच अपने संवाद की दिशा बदलने का संकेत...) ✅✅मध्यप्रदेश की राजनीति में राहुल गांधी का 12 सितंबर का इंदौर दौरा महज एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं रहने वाला... ‘छात्रों की गूंज’ के जरिए कांग्रेस जिस वर्ग को सीधे संबोधित करने जा रही है, वह वही नई पीढ़ी है जिसे अब तक राजनीतिक दलों ने चुनावी आंकड़ों में युवा मतदाता के रूप में देखा है... लेकिन राहुल गांधी के पिछले कुछ कार्यक्रमों ने संकेत दिया है कि छात्र अब सिर्फ वोटर नहीं, बल्कि राजनीतिक नैरेटिव बनाने वाली ताकत के रूप में सामने आ रहे हैं... इसीलिए इंदौर का मंच कांग्रेस के लिए जितना महत्वपूर्ण है, भाजपा के लिए भी उतना ही गंभीर राजनीतिक संकेत है... राहुल की लगातार गूंज... तीन मंचों के बाद इंदौर की बारी राहुल गांधी पिछले कुछ समय से छात्रों और युवाओं के बीच जिस तरह लगातार संवाद का नया मॉडल बना रहे हैं, उसकी कड़ी में देहरादून, पुणे और कोटा जैसे पड़ाव महत्वपूर्ण रहे हैं... इन कार्यक्रमों में शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, रोजगार और युवाओं की आकांक्षाओं को राजनीतिक मुद्दे के रूप में सामने लाने की कोशिश दिखाई दी... अब इंदौर का चयन इस रणनीति को मध्यप्रदेश के राजनीतिक भूगोल में प्रवेश देता है... इंदौर केवल प्रदेश की आर्थिक राजधानी नहीं... यह मध्यप्रदेश का बड़ा एजुकेशन हब है... कॉलेज, विश्वविद्यालय, कोचिंग संस्थान और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले हजारों युवा यहां रहते हैं... मालवा और प्रदेश के दूसरे हिस्सों से आने वाले विद्यार्थियों की मौजूदगी इंदौर को छात्र राजनीति के लिए स्वाभाविक मंच बनाती है... यही कारण है कि कांग्रेस ने 50 हजार से अधिक छात्रों और युवाओं को जुटाने का लक्ष्य रखा है... मंच पर कांग्रेस नेताओं की जगह केवल विद्यार्थियों को रखने का फैसला भी अपने आप में राजनीतिक संदेश है... राहुल के सामने छात्र होंगे और सवाल भी छात्रों के होंगे... यानी कांग्रेस नेता और मतदाता के बीच पारंपरिक दूरी कम करने की कोशिश... (जीतू पटवारी के लिए राहुल का दौरा... अवसर भी, परीक्षा भी) प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के लिए यह कार्यक्रम दोहरी चुनौती लेकर आया है... एक तरफ उन्हें राहुल गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाना है... दूसरी तरफ इस सफलता को संगठनात्मक ताकत में बदलना है... इंदौर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है... कांग्रेस के सामने यहां तत्काल राजनीतिक वापसी की कठिन चुनौती है... ऐसे में 50 हजार युवाओं की भीड़ जुटाना अपने आप में सफलता हो सकती है, लेकिन असली सवाल भीड़ के बाद शुरू होगा... क्या कांग्रेस इन छात्रों से स्थायी संवाद बना पाएगी?... क्या रजिस्ट्रेशन से तैयार होने वाला डेटा केवल कार्यक्रम की भीड़ का आंकड़ा रहेगा या भविष्य के संगठन का आधार बनेगा?... क्या कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में बनाए जा रहे संपर्क कार्यक्रम के बाद भी जारी रहेंगे?... और क्या छात्र रोजगार, परीक्षा और शिक्षा के मुद्दों पर कांग्रेस के साथ राजनीतिक रूप से जुड़ेंगे?... यही राहुल के दौरे की असली परीक्षा होगी... दतिया उपचुनाव में मिली सफलता से उत्साहित कांग्रेस के लिए यह दौरा संगठन के मनोबल को और बढ़ाने का मौका भी है... लेकिन इंदौर में भाजपा की मजबूत चुनावी स्थिति के बीच राहुल का कार्यक्रम कांग्रेस को केवल उत्साह नहीं, बल्कि जमीन पर काम करने की नई चुनौती भी देगा... (भाजपा के लिए राहुल गांधी का इंदौर पड़ाव क्यों महत्वपूर्ण?) सबसे बड़ा सवाल यही है... क्या राहुल गांधी की छात्र राजनीति भाजपा के लिए भी चुनौती बन सकती है?... भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर नितिन नवीन नई टीम नए पदाधिकारी के साथ बैठक के बाद इसके संकेत दे चुकी है.. संकेत युवा वर्ग में खासतौर से छात्रों के बीच नए सिरे से संवाद संपर्क और समन्वय बनाने के रणनीति बनाने की.. जिम्मेदारी भी तय कर दी गई.. यह लाइन मध्य प्रदेश तक पहुंच चुकी है और प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी इस लाइन पर आगे भी बढ़ चुकी है.. ओरछा में हुई भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने नई पीढ़ी, खासकर जेन-जी और बदलते युवा मानस को लेकर संगठन को संवाद और संपर्क बढ़ाने का संदेश दिया... इसे महज संगठनात्मक निर्देश मानकर नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा... क्योंकि भाजपा के सामने भी वही सवाल है... नई पीढ़ी उससे क्या चाहती है?... भाजपा का मजबूत बूथ नेटवर्क, संगठनात्मक ढांचा और सरकार की योजनाएं उसकी ताकत हैं... लेकिन जेन-जी की राजनीति पारंपरिक बूथ राजनीति से अलग है... यह पीढ़ी सोशल मीडिया पर सवाल पूछती है... नौकरी के अवसर देखती है... प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर प्रतिक्रिया देती है... शिक्षा की लागत, करियर और डिजिटल अवसरों को लेकर तत्काल जवाब चाहती है... यानी जिस युवा को भाजपा संगठन बूथ पर जोड़ना चाहता है, राहुल गांधी उसी युवा को संवाद के खुले मंच पर जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं... यह अंतर महत्वपूर्ण है... भाजपा के सामने चुनौती सिर्फ राहुल नहीं... नैरेटिव की है राहुल गांधी का इंदौर कार्यक्रम सफल होता है तो उसका असर केवल भीड़ के आंकड़े तक सीमित नहीं रहेगा... कांग्रेस इसे युवाओं के बीच अपने नए नैरेटिव की सफलता के रूप में पेश करेगी... भाजपा के लिए चुनौती तब यह होगी कि वह इस नैरेटिव का जवाब किस भाषा में देती है... सरकार की योजनाएं... रोजगार के आंकड़े... निवेश... स्टार्टअप... डिजिटल इंडिया... शिक्षा संस्थानों का विस्तार... स्किल डेवलपमेंट... यह सब भाजपा के पास बताने के लिए है... लेकिन सवाल यह है कि इन उपलब्धियों को युवा अपनी भाषा में कितना स्वीकार करता है... यही वजह है कि भाजपा का संगठन यदि छात्रों और युवाओं के बीच नए सिरे से संवाद की रणनीति बनाता है तो यह केवल राहुल गांधी के कार्यक्रम की प्रतिक्रिया नहीं होगी... बल्कि राजनीति में बदलते मतदाता व्यवहार को समझने की आवश्यकता भी होगी... (कांग्रेस का दांव... मुद्दे बदलने की कोशिश) कांग्रेस के सामने मध्यप्रदेश में एक बड़ी समस्या यह है कि उसके पास सत्ता के खिलाफ असंतोष को व्यापक राजनीतिक विकल्प में बदलने की चुनौती है... राहुल गांधी के जरिए पार्टी छात्र और युवा मुद्दों को इसीलिए केंद्र में लाना चाहती है... पेपर लीक... भर्ती प्रक्रिया... बेरोजगारी... महंगी शिक्षा... प्रतियोगी परीक्षाओं का दबाव... ये ऐसे मुद्दे हैं जिनका असर जाति, क्षेत्र और परंपरागत राजनीतिक पहचान से आगे जाकर युवा वर्ग पर पड़ता है... कांग्रेस यदि इन मुद्दों को लगातार उठाती है तो वह भाजपा के सामने एक नया विमर्श खड़ा कर सकती है... लेकिन यहां कांग्रेस के लिए भी जोखिम है... राहुल गांधी की लोकप्रियता और कार्यक्रम की भीड़ को स्थानीय संगठन में बदलना आसान नहीं... इंदौर में नौ की नौ सीटें भाजपा के पास हैं... ऐसे में मंच पर जुटी भीड़ को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस को संगठन, नेतृत्व और निरंतर संपर्क की जरूरत होगी... राहुल बनाम मोहन-हेमंत... असली मुकाबला संवाद का यह लड़ाई सीधे राहुल गांधी बनाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव या राहुल गांधी बनाम प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की नहीं है... असली मुकाबला संवाद के मॉडल का है... एक तरफ राहुल गांधी छात्रों के बीच सीधे सवाल-जवाब और मंच साझा करने की राजनीति कर रहे हैं... दूसरी तरफ भाजपा अपने मजबूत संगठन के जरिए बूथ से लेकर शक्ति केंद्र तक पहुंच बनाए रखने की कोशिश कर रही है... भाजपा की चुनौती यह है कि उसका संगठन मजबूत है, लेकिन क्या वह नई पीढ़ी की भाषा में उतनी ही तेजी से संवाद कर पा रहा है?... कांग्रेस की चुनौती उलटी है... राहुल गांधी का चेहरा और राष्ट्रीय मुद्दे उसके पास हैं, लेकिन क्या वह इस ऊर्जा को प्रदेश के स्थायी संगठन में बदल पाएगी?... (इंदौर क्यों बन सकता है नया राजनीतिक प्रयोग) इंदौर का मंच इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह मध्यप्रदेश में छात्र राजनीति का नया प्रयोग हो सकता है... अब तक प्रदेश की राजनीति में किसान, महिला, आदिवासी, पिछड़ा वर्ग और क्षेत्रीय समीकरण बड़े राजनीतिक समूह रहे हैं... युवा हमेशा महत्वपूर्ण रहे, लेकिन इस तरह छात्र समुदाय को अलग राजनीतिक मंच देना एक नई दिशा है... राहुल गांधी यदि छात्रों को केवल भाषण सुनाने के बजाय उनकी समस्याओं को राजनीतिक एजेंडे में बदलने में सफल होते हैं, तो इसका असर आने वाले वर्षों में दिखाई दे सकता है... और भाजपा यदि इसी दौरान अपने युवा संपर्क अभियान को प्रभावी बनाती है, तो कांग्रेस का यह प्रयास उसके लिए चुनौती के बजाय संगठन को अपडेट करने का अवसर भी बन सकता है... 2028 से पहले नया मोर्चा... युवा मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2028 अभी दूर हैं... लेकिन राजनीति में चुनावी जमीन बहुत पहले तैयार होती है... भाजपा संगठनात्मक रूप से चुनावी मोड में जाने की तैयारी कर चुका है... कांग्रेस भी अब बड़े नेताओं के कार्यक्रमों के जरिए नई सामाजिक और राजनीतिक जमीन तलाश रही है... दतिया के बाद कांग्रेस का उत्साह... राहुल गांधी का लगातार छात्रों के बीच जाना... इंदौर का चयन... और भाजपा की ओरछा बैठक में जेन-जी को लेकर संगठनात्मक चिंता... इन घटनाओं को एक साथ देखें तो तस्वीर साफ होती है... मध्यप्रदेश की राजनीति में अगला बड़ा सवाल सिर्फ यह नहीं होगा कि कौन-सी पार्टी कितनी सीटें जीतेगी... सवाल यह भी होगा कि नई पीढ़ी किस राजनीतिक भाषा को स्वीकार करेगी? राहुल गांधी इंदौर में छात्रों की आवाज बनने की कोशिश करेंगे... जीतू पटवारी उसे कांग्रेस की संगठनात्मक ताकत में बदलने की कोशिश करेंगे... और मोहन यादव-हेमंत खंडेलवाल की भाजपा के सामने चुनौती होगी कि सरकार के काम, संगठन की ताकत और युवा संवाद को एक ही राजनीतिक कहानी में कैसे जोड़ा जाए... इसलिए इंदौर का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम सिर्फ कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं... यह मध्यप्रदेश की राजनीति में युवा नैरेटिव की अगली लड़ाई का पहला बड़ा मंच हो सकता है... राहुल की गूंज कितनी दूर तक जाती है, यह भीड़ नहीं... उसके बाद बनने वाले संवाद, संगठन और राजनीतिक असर से तय होगा... ✅✅✅(छात्रों की गूंज से पहले ‘सवालों का शोर’... राहुल के इंदौर दौरे के लिए नया संदेश) ✅✅ भोपाल में कॉकरोच जनता पार्टी की बैठक के दौरान छात्रों और युवाओं के पहुंचने, सवाल पूछने और फिर नारेबाजी तक पहुंची स्थिति को केवल एक स्थानीय विवाद मानकर छोड़ देना आसान है... व्यवस्था क्यों बिगड़ी, किसकी वजह से बिगड़ी और इसके पीछे राजनीतिक मंशा थी या नहीं... इन सवालों के जवाब अलग हो सकते हैं... लेकिन बना हुआ दृश्य मध्यप्रदेश की बदलती युवा राजनीति की एक तस्वीर जरूर दिखाता है... सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि छात्र अब केवल किसी राजनीतिक आयोजन में भीड़ का हिस्सा बनने के बजाय सवाल पूछने वाला पक्ष बनना चाहता है... भोपाल की घटना में भी छात्रों ने खुद को विरोध करने के बजाय सवाल पूछने के लिए आया बताया... यही बदलाव आने वाले दिनों में राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम के लिए कांग्रेस के सामने नई चुनौती खड़ी कर सकता है... राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम कांग्रेस ने जिस मकसद से तैयार किया है, उसमें छात्रों को मंच के केंद्र में रखा गया है... लेकिन जब छात्र केंद्र में होंगे तो सवाल भी होंगे... असहमति भी होगी... अलग-अलग विचार भी होंगे... और सोशल मीडिया के दौर में किसी छोटे विवाद का राजनीतिक संदेश बहुत तेजी से फैल सकता है... यानी कांग्रेस के सामने चुनौती सिर्फ 50 हजार छात्रों को जुटाने की नहीं है... असली परीक्षा होगी कार्यक्रम की व्यवस्था, संवाद की गंभीरता और विवादों से दूरी बनाए रखने की... क्या युवा वर्ग राजनीतिक रूप से बंट रहा है? भोपाल की घटना एक और संकेत देती है... छात्र-युवा वर्ग किसी एक राजनीतिक धारा का एकमुश्त समूह नहीं है... उसमें अलग-अलग विचारधाराएं, संगठन और राजनीतिक प्राथमिकताएं सक्रिय हैं... कहीं सरकार से सवाल हैं... कहीं विपक्ष से अपेक्षाएं हैं... कहीं राष्ट्रीय मुद्दे हैं तो कहीं स्कूल, कॉलेज, परीक्षा, रोजगार और फीस जैसे सीधे जीवन से जुड़े सवाल... यही वजह है कि अब छात्र राजनीति केवल पारंपरिक संगठन बनाम संगठन की प्रतिस्पर्धा नहीं रह गई... इसमें नैरेटिव की प्रतिस्पर्धा और दबाव की राजनीति भी दिखाई देने लगी है... जो संगठन छात्रों के सवालों को पहले सुनेगा, उन्हें मंच देगा और जवाब देने की कोशिश करेगा, उसके लिए राजनीतिक जमीन बन सकती है... लेकिन जो युवा को केवल भीड़ या नारे के रूप में देखेगा, उसके सामने प्रतिक्रिया भी उतनी ही तेज हो सकती है... राहुल के मंच की असली परीक्षा इंदौर में राहुल गांधी के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि क्या कांग्रेस छात्रों को सिर्फ सुनने के लिए बुला रही है या सचमुच उन्हें बोलने का अवसर भी देगी?... मंच पर केवल विद्यार्थियों को रखने का फैसला इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है... लेकिन इस मॉडल की अपनी चुनौती है... हजारों विद्यार्थियों के बीच अलग-अलग विचारों और असहमति को संभालना आसान नहीं होगा... कांग्रेस को यह सुनिश्चित करना होगा कि कार्यक्रम छात्र संवाद की गंभीर पहल दिखाई दे, न कि केवल राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन... भोपाल की घटना से एक सबक जरूर निकलता है... नई पीढ़ी को मंच पर बुलाना जितना आसान है, उसे संतुष्ट करना उतना आसान नहीं... राहुल गांधी का इंदौर दौरा इसलिए कांग्रेस के लिए केवल भीड़ जुटाने की परीक्षा नहीं... यह यह साबित करने की परीक्षा भी होगा कि वह युवा असंतोष को सवाल, संवाद और नीति के राजनीतिक विमर्श में बदल सकती है... और भाजपा के लिए भी यह संकेत है कि छात्र-युवा राजनीति अब चुनावी मौसम का इंतजार नहीं कर रही... वह अभी से अपनी जगह और अपनी आवाज तलाश रही है...