श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ जैन मंदिर में ध्वजा महोत्सव का भव्य आगाज
राजधानी के तुलसी नगर स्थित श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ श्वेतांबर जैन मंदिर में दो दिवसीय ध्वजा महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। शुक्रवार को महोत्सव के पहले दिन मंदिर में भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा, जहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ की जिन प्रतिमाओं का अभिषेक किया और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण छाया रहा।
आचार्य संघ के सानिध्य में संपन्न हुए विशेष अनुष्ठान
मंदिर समिति के अध्यक्ष आईएल मेहता ने बताया कि आचार्य मुक्ति सागर सूरीश्वर महाराज और आचार्य अचल मुक्ति सागर महाराज के सानिध्य में विशेष धार्मिक विधियां और अनुष्ठान संपन्न हुए। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान की प्रतिमाओं का विधिवत अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मूलनायक शंखेश्वर पार्श्वनाथ भगवान के अभिषेक का सौभाग्य तुलसी नगर मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र कोठारी और उनके परिवार को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग उपस्थित रहे, जिनमें चेंबर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री ललित तातेड, श्वेतांबर मूर्ति पूजक संघ के अध्यक्ष राजेश तातेड, मनोज संघवी और शिल्पा कोठारी सहित समाज के अनेक सदस्य शामिल थे।
शनिवार को निकलेगा भव्य ध्वजा वरघोड़ा
मंदिर के प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि ध्वजा महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार, 7 मार्च को सुबह 8 बजे से धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ होंगे। इन अनुष्ठानों के बाद आचार्य संघ के सानिध्य में ध्वजाओं का एक भव्य वरघोड़ा निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
Pushpendra Chaubey