मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का टीकमगढ़ दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे टीकमगढ़ पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचे।
जिला अस्पताल और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने टीकमगढ़ जिला अस्पताल का निरीक्षण किया और पोषण पुनर्वास केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने कुपोषित बच्चों और उनकी माताओं का हाल जाना और उन्हें फल दिए। मुख्यमंत्री ने माताओं से कहा, "जब आप अहार लेंगी, तभी आपका बच्चा भी कुपोषण से बचेगा। खाया करो बहन।"
करीब आधे घंटे के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत तखा के आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे।
पानी की समस्या पर मुख्यमंत्री का बयान
आंगनवाड़ी केंद्र के दौरान स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री को पानी की समस्या बताई। मुख्यमंत्री ने कहा, "अभी बारिश हो जाएगी, फिर पानी भी आ जाएगा।"
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री को बताया कि नई जलावर्धन योजना का काम चल रहा है और जल्द ही गांव में पाइप लाइन डालकर लोगों के घरों तक पानी पहुंचाया जाएगा।
जन विश्वास कार्यक्रम और कांग्रेस की नाराजगी
मुख्यमंत्री नगर पालिका टीकमगढ़ में आयोजित 'जन विश्वास कार्यक्रम' में शामिल हुए और चुने गए लोगों से सीधा संवाद किया। कांग्रेसी पार्षदों ने मुख्यमंत्री से मेडिकल कॉलेज की मांग की।
नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार को अयोग्य घोषित कर हटाने के बाद डिप्टी कलेक्टर अंजलि शर्मा को प्रभार दिए जाने पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई। कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष और पार्षद अनीश खान ने कहा कि नियम के मुताबिक उपाध्यक्ष को अध्यक्ष बनाया जाए या वरिष्ठता के आधार पर 27 वार्डों के पार्षदों में से किसी एक को अध्यक्ष नियुक्त किया जाए।
सुरक्षा इंतजाम और अन्य गतिविधियां
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम किए। जिला अस्पताल, आंगनवाड़ी केंद्र और नगर पालिका के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है। संभागीय कमिश्नर और आईजी भी शुक्रवार को टीकमगढ़ पहुंचे।
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले गुरुवार रात जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर भोपाल से टीकमगढ़ पहुंचीं। जतारा विधायक हरिशंकर खटीक, भाजपा जिला अध्यक्ष सरोज राजपूत और पूर्व विधायक राकेश गिरी सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री शाम 5 बजे खजुराहो के लिए रवाना होंगे।
Arvind Vishwakarma