सागर शराबकांड के बाद बंडा-गूगरा के 40 पुलिसकर्मी लाइन अटैच
सागर जिले के बंडा विकासखंड में हुए जहरीली शराबकांड के बाद पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंडा थाना और गूगरा चौकी में पदस्थ 40 पुलिसकर्मियों को एक साथ लाइन हाजिर कर दिया है। इनमें उपनिरीक्षक, मुंशी, प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के कर्मचारी शामिल हैं। इनके स्थान पर पुलिस लाइन से नए स्टाफ को थाना और चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पूर्व में हो चुकी है थाना प्रभारी और एसडीओपी पर कार्रवाई
जहरीली शराबकांड सामने आने के बाद पुलिस विभाग में पहले ही कार्रवाई हो चुकी है। तत्कालीन बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा और एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि को हटा दिया गया था। इसके बाद बंडा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह को सौंपी गई थी।
लाइन से नए पुलिसकर्मियों की तैनाती
जारी आदेश के अनुसार बंडा थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक मुन्ना लाल धुर्वे, आदिल खान समेत 40 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। इनके स्थान पर पुलिस लाइन से उपनिरीक्षक रामू प्रजापति, शिवम दुबे समेत प्रधान आरक्षक और आरक्षकों को बंडा थाना भेजा गया है। इसके अलावा जिले के अन्य थानों में भी पुलिसकर्मियों के पदस्थापना स्तर पर हल्का बदलाव किया गया है। कार्रवाई के बाद बंडा थाना और गूगरा चौकी का स्टाफ बड़े स्तर पर बदल गया है।
Pushpendra Chaubey