शाजापुर सरकारी हॉस्टल में कुकर फटा, महिला कुक घायल
शाजापुर के पोस्ट मैट्रिक हॉस्टल में खाना पकाते वक्त चूल्हे पर चढ़ा प्रेशर कुकर तेज धमाके के साथ फट गया। कुकर का ढक्कन उड़कर महिला कुक रामकन्या बाई की छाती में लगा, जबकि गर्म बॉडी से उनका हाथ झुलस गया। यह हादसा सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुआ।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
किचन में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह घटना कैद हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि रामकन्या बाई गैस चूल्हे पर छात्रों के लिए खाना बना रही थीं। उन्होंने एक बर्नर पर कड़ाही रखी और दूसरे पर रखे कुकर को छुआ, तभी कुकर फट गया। जलने के बाद उन्होंने तुरंत पास रखा पानी अपने शरीर पर डाला। कुकर फटने की आवाज सुनकर एक छात्र दौड़कर कमरे में आया और गैस बंद की। हादसे के समय हॉस्टल में 12 छात्र मौजूद थे।
इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती
रामकन्या बाई ने बताया कि वह दाल-चावल और रोटी बना रही थीं। दाल पकाते समय कुकर फट गया। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल के डॉ. अरुण पाटीदार ने बताया कि घायल महिला का इलाज किया जा रहा है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, वह खतरे से बाहर हैं।
हॉस्टल के छात्र अभिषेक डाबी ने बताया कि वे पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहते हैं और रामकन्या बाई रोज खाना बनाने आती हैं। आज भी वह खाना बना रही थीं। अचानक कुकर फटने की आवाज आई, जिसके बाद अंदर पहुंचे तो ढक्कन अलग पड़ा था और गैस चूल्हा भी टूट गया था।
Vivek Singh