मध्य प्रदेश में तबादलों की समय-सीमा बढ़ाने की तैयारी
मध्य प्रदेश में तबादलों के लिए तय की गई 15 जून की समय-सीमा समाप्त हो गई है, लेकिन अधिकांश विभाग अब तक तबादला आदेश जारी नहीं कर पाए हैं। इस स्थिति को देखते हुए सरकार तबादलों की अवधि एक सप्ताह तक बढ़ाने पर विचार कर रही है। इस संबंध में आदेश सोमवार को जारी होने की संभावना है।
कुछ ही विभागों ने जारी किए आदेश
सरकार ने 1 जून से 15 जून तक तबादले करने की अनुमति दी थी। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के एनएचएम और लोक निर्माण विभाग जैसे चुनिंदा विभागों ने ही तबादला आदेश जारी किए। वहीं, कई बड़े विभाग जैसे स्कूल शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व और जनजातीय कार्य विभाग अभी भी तबादलों की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं।
मुख्यमंत्री की पूर्व की घोषणा और वर्तमान स्थिति
इससे पहले 20 मई को हुई कैबिनेट बैठक में तबादला नीति को मंजूरी दी गई थी और 22 मई को सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों को 15 जून तक तबादले पूरे करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी लगातार कह रहे थे कि तबादलों की अवधि नहीं बढ़ाई जाएगी और सभी विभाग समय पर प्रक्रिया पूरी करें। इसके बावजूद, कई विभाग तय समय में काम पूरा नहीं कर सके।
अवधि विस्तार की संभावना
सूत्रों के अनुसार, स्कूल शिक्षा विभाग ने तो जुलाई तक तबादलों की प्रक्रिया पूरी करने की अलग व्यवस्था भी बना ली है। विभिन्न विभागों में प्रक्रिया अधूरी रहने के कारण अब सामान्य प्रशासन विभाग तबादलों की अवधि बढ़ाने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा हो चुकी है और एक सप्ताह का अतिरिक्त समय देने पर सहमति बन गई है। यदि आदेश जारी होते हैं, तो विभागों को लंबित तबादला प्रस्तावों पर फैसला लेने के लिए कुछ और दिन मिल जाएंगे।
Sachin Saxena