ग्वालियर तिघरा डैम में डूबने से 2 मेडिकल छात्रों की मौत
ग्वालियर के गजराराजा मेडिकल कॉलेज के MBBS सेकंड ईयर के दो छात्र शनिवार शाम तिघरा डैम में डूब गए। संतुलन बिगड़ने और पैर फिसलने के कारण दोनों दोस्त करीब 40-50 फीट गहरे पानी में समा गए थे। प्रशासन और SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए।
प्रतिबंधित क्षेत्र में पिकनिक
मेडिकल कॉलेज के 8 छात्र-छात्राओं का ग्रुप शनिवार शाम को तिघरा डैम पहुंचा था। ये सभी बोट क्लब से करीब 3 किलोमीटर दूर 'कच्ची पार' इलाके में चले गए थे, जहां आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक है। शाम करीब 7 बजे आयुष श्रीवास्तव और गोपाल अग्रवाल पानी में उतरे। पथरीले किनारे पर पैर फिसलने से वे गहराई में चले गए।
देर रात मिला पहला शव, सुबह दूसरा
बाकी साथियों ने अनहोनी की आशंका होने पर पुलिस को सूचना दी। सीएसपी कृष्णपाल सिंह के नेतृत्व में SDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। देर रात ही गोपाल अग्रवाल का शव निकाल लिया गया था। रविवार दोपहर करीब 2 बजे आयुष श्रीवास्तव का शव 50 फीट गहराई से मिला।
मृतक छात्र गोपाल अग्रवाल (बीना, सागर) परिवार का सबसे छोटा और लाडला था, जिसने पहली बार में NEET पास कर डॉक्टर बनने का सपना देखा था। दूसरे मृतक छात्र आयुष श्रीवास्तव मुजफ्फरपुर (बिहार) के रहने वाले थे। दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे ग्वालियर पहुंच चुके हैं।
इस हादसे से गजराराजा मेडिकल कॉलेज में शोक की लहर है। कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ ने इसे कॉलेज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।
Pushpendra Chaubey