यूपी में 12 जुलाई को 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री गोरखपुर से करेंगे अभियान की शुरुआत
उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई को एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर राज्य सरकार वृक्षारोपण महायज्ञ करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में लिंक एक्सप्रेसवे के निकट पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत करेंगे।
'एक पेड़ मां के नाम' थीम पर आधारित अभियान
यह अभियान 'एक पेड़ मां के नाम' थीम पर आधारित होगा। लगाए जाने वाले सभी पौधे माताओं के सम्मान और उनकी स्मृति को समर्पित होंगे। वन विभाग समेत 26 सरकारी विभागों और आमजन की भागीदारी से यह अभियान प्रदेशभर में चलाया जाएगा।
पौधरोपण के लिए विस्तृत योजना
अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत, नगर निकायों के सभी वार्ड, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, कृषि विज्ञान केंद्र, औद्योगिक इकाइयों, पावर प्लांट, न्यायालय परिसर, रेलवे लाइन, एक्सप्रेसवे, हाईवे और अन्य प्रमुख मार्गों के किनारे पौधरोपण किया जाएगा। सरकार इस अभियान के तहत समृद्धि वन, समरस वन, कपि वन, महर्षि चरक औषधि वन और ऊर्जा वन विकसित करेगी। मथुरा में 36 पौराणिक वनों के पुनर्जीवन के लिए इको रेस्टोरेशन कार्य कराया जाएगा।
उपलब्ध पौधे और हरित आवरण
सरकार के अनुसार वन विभाग, अन्य सरकारी विभागों और निजी क्षेत्र की 2,600 पौधशालाओं में 57.62 करोड़ उच्च गुणवत्ता वाले पौधे उपलब्ध हैं। पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश का हरित आवरण 3.38 लाख एकड़ बढ़ा है।
Satyam Tripathi