भोपाल में 32 किमी लंबी तिरंगा यात्रा आज, एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत भोपाल में 14 अगस्त को विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा की संस्था 'कर्मश्री' के तत्वावधान में आयोजित होगी।
यात्रा मार्ग
यात्रा सुबह 10 बजे कोलार सिक्स लेन स्थित मदर टेरेसा स्कूल के सामने से शुरू होकर संत नगर के भैंसाखेड़ी मंडी तक जाएगी। करीब 32 किलोमीटर लंबे मार्ग पर एक लाख से अधिक नागरिकों के हाथों में तिरंगा दिखाई देगा।
मुख्य अतिथि और पंजीयन
यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल होंगे। अब तक करीब 50 हजार वाहनों का पंजीयन हो चुका है। यात्रा मार्ग पर 1100 से अधिक स्थानों पर नागरिकों और संस्थाओं की ओर से स्वागत किया जाएगा।
निरीक्षण और तैयारियां
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के साथ मंगलवार को प्रारंभ स्थल और मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। बारिश की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाएं उसी अनुसार करने के निर्देश दिए गए।
सेल्फी पॉइंट
चुना भट्टी चौराहे सहित कई स्थानों पर सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं। इनमें 'Gen-Z Against Addiction' और 'नशा मुक्त युवा' जैसे संदेश दिए जा रहे हैं। विधायक ने कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं के साथ सेल्फी लेकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
आयोजन
'कर्मश्री' की ओर से अखंड भारत स्मृति दिवस के अवसर पर हर साल यह तिरंगा यात्रा निकाली जाती है। आयोजकों के अनुसार यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा' अभियान से प्रेरित है। विधायक रामेश्वर शर्मा का कहना है कि इस वर्ष नागरिकों में अभूतपूर्व उत्साह है और यह यात्रा पहले के सभी रिकॉर्ड तोड़ने वाली होगी।
Sachin Saxena