भाजपा उत्तर प्रदेश ने 98 संगठनात्मक जिलों के प्रभारी घोषित किए
भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने शनिवार शाम 7:30 बजे अपने 98 संगठनात्मक जिलों के लिए जिला प्रभारियों की सूची जारी कर दी। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इन नियुक्तियों की घोषणा की।
प्रमुख नियुक्तियां और अनुभवी नेताओं को प्राथमिकता
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र और प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली का प्रभारी बनाया गया है। पूर्व मंत्री सुरेश राणा को बुलंदशहर तथा एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी को कानपुर महानगर दक्षिण का प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रांशु दत्त द्विवेदी भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और दिवंगत पूर्व मंत्री ब्रह्म दत्त द्विवेदी के भतीजे हैं।
पार्टी नेतृत्व ने हाल ही में पहली बार प्रदेश पदाधिकारी बनाए गए कई नए चेहरों को जिला प्रभारी नहीं बनाया है। पार्टी का मानना है कि चुनावी राजनीति का पर्याप्त अनुभव नहीं होने के कारण उन्हें यह जिम्मेदारी देना उचित नहीं होगा। विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए जिला प्रभारी का दायित्व अनुभवी नेताओं को ही सौंपा गया है। आगामी दिनों में पार्टी की ओर से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भी नियुक्त किए जाएंगे।
रायबरेली में विशेष रणनीति और रिपोर्टिंग व्यवस्था
राहुल गांधी इन दिनों देश में युवाओं को जोड़ने के लिए 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम चला रहे हैं। पार्टी ने उनके क्षेत्र में अपने युवा चेहरे नीरज सिंह को प्रभारी बनाया है। लखनऊ, रायबरेली सहित अवध के कई जिलों में नीरज सिंह के पास युवाओं की बड़ी टीम है। उधर, रायबरेली में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह और विधायक अदिति सिंह के बीच खींचतान चल रही है। विधानसभा चुनाव में टकराव रोकने के लिए नीरज सिंह को वहां भेजा गया है।
सभी नवनियुक्त जिला प्रभारी जिलों में प्रवास कर संगठनात्मक गतिविधियों, अभियान और चुनावी मुद्दों की रिपोर्ट सीधे प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को करेंगे। इससे उनका जिले में जिलाध्यक्ष से अधिक बड़ा राजनीतिक कद होगा। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी चयन से लेकर चुनाव प्रबंधन में इन जिला प्रभारियों की अहम भूमिका होगी।
Satyam Tripathi