बिहार विधानसभा चुनाव का ऐलान
बिहार में इस साल के बहुप्रतीक्षित विधानसभा चुनाव का ऐलान हो गया है। चुनाव आयोग ने सोमवार शाम 4 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी जानकारी दी। बिहार की 243 विधानसभा सीटों के लिए मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
40 दिन चलेगी चुनाव प्रक्रिया
चुनाव प्रक्रिया कुल 40 दिन तक चलेगी। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इन चुनावों के लिए SIR (स्पेशल समरी रिविजन) के तहत वोटिंग लिस्ट को अपडेट किया गया है। जिन मतदाताओं का नाम अभी तक वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ा है, वे नामांकन प्रक्रिया से 10 दिन पहले तक अपना नाम जुड़वा सकते हैं। ऐसे मतदाताओं को नए वोटर कार्ड जारी किए जाएंगे।
7.42 करोड़ वोटर करेंगे मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव में कुल 7.42 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 14 हजार से अधिक मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 100 साल से ऊपर है। इसके अलावा, राज्य में 14 लाख लोग पहली बार वोट डालेंगे।
घर से वोट डाल सकेंगे असमर्थ लोग
जो लोग पोलिंग बूथ तक जाने में असमर्थ हैं, वे फार्म 12D भरकर घर से ही मतदान कर सकेंगे। आयोग ने यह सुविधा उन लोगों के लिए दी है, जो शारीरिक रूप से मतदान केंद्र तक जाने में असमर्थ हैं।
बूथ तक ले जा सकेंगे मोबाइल
बिहार चुनाव में इस बार मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक मोबाइल फोन ले जाने की इजाजत होगी। यह सुविधा पहले कई राज्यों में लागू हो चुकी है, और अब इसे बिहार में भी लागू किया गया है।
पहले हुए चुनावों का विवरण
2020 के बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में हुए थे। 20 अक्टूबर से 7 नवंबर तक मतदान हुआ था और 10 नवंबर को नतीजे घोषित किए गए थे। इससे पहले, 2015 में चुनाव पांच चरणों में हुए थे। 12 अक्टूबर से 5 नवंबर तक मतदान चला था और 8 नवंबर को नतीजे आए थे।
बिहार के इस चुनाव से संबंधित पल-पल की अपडेट के लिए जुड़े रहें।