बलरामपुर पुलिस का सोशल मीडिया पर सख्त रवैया
अनुशासनहीनता पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
बलरामपुर पुलिस ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने चेतावनी दी कि विभाग की छवि धूमिल करने वाली पोस्ट या वीडियो प्रसारित करने वाले किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गोष्ठी में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सोशल मीडिया के जिम्मेदार और मर्यादित उपयोग के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी ऑनलाइन गतिविधियों में विभागीय अनुशासन, गोपनीयता और आचरण संहिता का पालन करना अनिवार्य है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसी टिप्पणी, पोस्ट या व्यवहार स्वीकार्य नहीं होगा, जिससे पुलिस विभाग की निष्पक्षता और गरिमा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े। अभद्र वीडियो, आपत्तिजनक चैट या गैर-पेशेवर गतिविधियों को साझा करना गंभीर अनुशासनहीनता मानी जाएगी और दोषी कर्मियों पर सख्त विभागीय कार्रवाई होगी।
इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभागीय और व्यक्तिगत समस्याओं को भी सुना गया। उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
बैठक के अंत में एएसपी ने कहा कि पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा और जनता का भरोसा बनाए रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कार्मिकों से निष्ठा, अनुशासन और उत्तरदायित्व के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सोशल मीडिया का सतर्कता से उपयोग करने का आह्वान किया।
Amit Pateria