छिंदवाड़ा में POP मूर्तियों पर पूर्ण प्रतिबंध
मूर्तिकारों की बैठक में निर्णय
छिंदवाड़ा प्रशासन ने गणेश उत्सव और अन्य धार्मिक आयोजनों को देखते हुए मूर्तिकारों की बैठक की। एसडीएम सुधीर जैन और कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार ने मूर्तिकारों को बताया कि पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा के लिए POP से बनी मूर्तियों का निर्माण और बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
अधिकतम ऊंचाई दस फीट
बैठक में सभी मूर्तियों की अधिकतम ऊंचाई 10 फीट निर्धारित की गई। प्रशासन ने कहा कि पूर्व वर्षों में बड़ी मूर्तियों के परिवहन और स्थापना के दौरान कई हादसे हो चुके हैं, इसलिए दिशा-निर्देश पहले से जारी किए गए हैं।
मूर्तिकारों की मांग
स्थानीय मूर्तिकारों ने दूसरे शहरों से लाई जाने वाली POP मूर्तियों की बिक्री पर सख्त रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वे मिट्टी की पर्यावरण अनुकूल मूर्तियां बनाते हैं, लेकिन POP की सस्ती मूर्तियों से उनका कारोबार प्रभावित होता है।
संयुक्त टीम करेगी निरीक्षण
एसडीएम सुधीर जैन ने बताया कि नगर निगम, कोतवाली पुलिस और एसडीएम कार्यालय की संयुक्त टीम शहर में निरीक्षण करेगी। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने मूर्तिकारों से मिट्टी से बनी पर्यावरण अनुकूल मूर्तियों का निर्माण और बिक्री करने की अपील की है।
Sachin Saxena