रेलवे भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम जारी
रेलवे भर्ती बोर्ड की लेवल वन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 3 अगस्त से 25 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए 22,195 पदों पर भर्ती की जानी है। कुल 144 शहरों में 335 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, और 52,39,620 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
उत्तर मध्य रेलवे क्षेत्र
उत्तर मध्य रेलवे तथा रेलवे भर्ती बोर्ड प्रयागराज के अंतर्गत यह परीक्षा कुल 28 परीक्षा केंद्रों पर होगी। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़, आगरा, झांसी और मुरादाबाद में 25 केंद्र बनाए गए हैं। उत्तराखंड के रुड़की और देहरादून में 3 केंद्र हैं।
इस भर्ती अभियान से उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों एवं वर्कशॉप में 09 श्रेणियों के अंतर्गत कुल 1,183 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
परीक्षा केंद्र और अधिकारियों की तैनाती
प्रयागराज मंडल
प्रयागराज मंडल के तहत प्रयागराज शहर में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 16 रेलवे समन्वयक तैनात किए गए हैं। कानपुर नगर में 04 परीक्षा केंद्र स्थापित हैं, जिनके लिए 07 रेलवे समन्वयक नियुक्त हैं। अलीगढ़ में 02 परीक्षा केंद्रों के लिए 04 रेलवे समन्वयकों की ड्यूटी लगाई गई है।
आगरा मंडल
आगरा मंडल के आगरा शहर में कुल 07 परीक्षा केंद्र निर्धारित हैं, जहां 13 रेलवे समन्वयकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
झांसी मंडल
झांसी मंडल के झांसी शहर में 01 परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसके पर्यवेक्षण के लिए 02 रेलवे समन्वयक तैनात किए गए हैं।
रेलवे की तैयारियां
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए हर परीक्षा केंद्र पर 1 रेलवे अधिकारी को केंद्र समन्वयक के रूप में तैनात किया गया है। बड़े परीक्षा केंद्रों पर 2-2 अधिकारी तैनात हैं। अभ्यर्थियों की सहायता और चेकिंग के लिए 1:100 के अनुपात में कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
संपूर्ण परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों की सीधी निगरानी में रखा जाएगा। कंट्रोल रूम और सुरक्षा व्यवस्था के लिए रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा ड्यूटी में लगाए जाने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा संबंधी नियमों, एसओपी और आपातकालीन स्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास शांति, कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से सहयोग का अनुरोध किया गया है।
Ravi Yadav