ग्वालियर में एक रात में 249 वारंटी और अपराधी गिरफ्तार
ग्वालियर शहर और देहात क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस ने शुक्रवार-शनिवार की रात कॉम्बिंग गश्त चलाई। इस दौरान अलग-अलग इलाकों से 249 वारंटी और अपराधियों को गिरफ्तार कर हवालात भेजा गया।
हिस्ट्रीशीटरों की कुंडली अपडेट
पुलिस ने शहर के 272 पुराने बदमाशों के घर-घर जाकर उनकी मौजूदा कुंडली अपडेट की। उनसे जीवन-यापन के बारे में पूछा गया और पता किया गया कि वे किसी नए अपराध में शामिल तो नहीं हैं।
सड़कों पर पूछताछ और चेकिंग
देर रात सड़कों और चौराहों पर बेवजह घूम रहे संदिग्धों और युवाओं को रोककर पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों ने आवारागर्दी कर रहे लड़कों के परिजनों को फोन कर सूचना दी। पकड़े गए अधिकांश युवा बाहरी जिलों और शहरों के निवासी निकले।
अधिकारियों की कमान
एसएसपी धर्मवीर सिंह, एएसपी सुजावल जग्गा, एएसपी सुमन गुर्जर, एएसपी डॉ. शिवेश सिंह बघेल और एएसपी जयराज कुबेर ने अपने-अपने इलाकों में थाना प्रभारियों के साथ पैदल गश्त की। पुलिस टीमों ने तंग गलियों, संवेदनशील मोहल्लों, बैंकों, एटीएम, होटलों, लॉज, धर्मशालाओं और ढाबों की सरप्राइज चेकिंग की। संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई।
एसएसपी का बयान
एसएसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण और नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए यह कॉम्बिंग गश्त आगे भी जारी रहेगी। यदि कोई गुंडा, बदमाश या असामाजिक तत्व आपराधिक गतिविधि में पाया गया तो उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
Bhavanesh Soni