जबलपुर के अमित को राष्ट्रपति भवन से बुलावा
15 अगस्त को राष्ट्रपति मुर्मु करेंगी सम्मानित
जबलपुर के रांझी स्थित बापू नगर निवासी 38 वर्षीय अमित कुमार को 15 अगस्त को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी। वे राष्ट्रपति के साथ लंच भी करेंगे। अमित का चयन अटल पेंशन योजना में नियमित योगदान के लिए देशभर से चुने गए 10 लोगों में हुआ है। भारत सरकार उन्हें अपने खर्च पर दिल्ली बुला रही है।
अटल पेंशन योजना में मिली पहचान
अमित ने वर्ष 2018 में अटल पेंशन योजना में पंजीयन कराया था। तब से वे हर महीने बिना किसी चूक के 130 रुपये का प्रीमियम जमा कर रहे हैं। 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर उन्हें इस योजना के तहत प्रतिमाह 3 हजार रुपये पेंशन मिलेगी।
डाक विभाग लेकर पहुंचा निमंत्रण
शुक्रवार को अमित के घर पर खमरिया डाकघर से फोन आया। डाक विभाग के अधिकारियों ने पता सत्यापित किया और डाक अधीक्षक व पोस्टमैन उनके घर पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपति भवन से भेजा गया आधिकारिक निमंत्रण पत्र सौंपा। निमंत्रण के साथ दिल्ली आने-जाने की हवाई यात्रा, राष्ट्रपति भवन में प्रवेश पास, एक दिन के ठहरने की व्यवस्था और स्मृति उपहार भी उपलब्ध कराया गया है।
अमित और परिवार की प्रतिक्रिया
अमित कुमार ने बताया कि चयन की जानकारी मिलने पर पहले विश्वास नहीं हुआ। राष्ट्रपति भवन का निमंत्रण मिलने के बाद भी वे इसे सपने जैसा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने करोड़ों लोगों के बीच अपने चयन को गर्व और सौभाग्य की बात बताया। वे मध्यमवर्गीय परिवार से हैं और राष्ट्रपति से मिलने का अवसर मिलने पर श्रम विभाग और भारत सरकार के आभारी हैं। राष्ट्रपति भवन से निमंत्रण मिलने की खबर फैलते ही परिवार, रिश्तेदारों और पड़ोसियों में खुशी का माहौल है।
Sachin Saxena