बिलासपुर को 827.20 करोड़ की 4-लेन रिंग रोड: मंत्री ने गडकरी से स्वीकृति का आग्रह किया
नई दिल्ली में मुलाकात
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बिलासपुर के लिए प्रस्तावित 827.20 करोड़ रुपये की 4-लेन रिंग रोड परियोजना को जल्द स्वीकृति देने और निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया।
परियोजना की विशेषता
यह रिंग रोड NH-130, NH-130A और NH-49 को आपस में जोड़ेगी। इससे भारी वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश कम होगा और आम नागरिकों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
मंत्री ने बताया कि रिंग रोड बनने से औद्योगिक, व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, यात्रा का समय घटेगा और बिलासपुर के समग्र शहरी एवं आधारभूत विकास को गति मिलेगी।
तैयारी और सर्वे
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा परियोजना का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR), ट्रैफिक सर्वे और ड्राफ्ट एलाइनमेंट तैयार किया जा रहा है। तोखन साहू ने इन प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर परियोजना को शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
अन्य फोरलेन परियोजनाएं
एनएच-49 फोरलेन
अकलतरा के अमरताल से ओडिशा सीमा तक लगभग 155 से 160 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क के निर्माण का प्रस्ताव प्रक्रियाधीन है। पिछले 7-8 महीनों से इसका डीपीआर और सर्वे कार्य चल रहा है।
पाराघाट-मस्तूरी बायपास
पाराघाट-मस्तूरी से NH-130 को जोड़ने वाले 30 से 35 किलोमीटर लंबे बायपास को फोरलेन बनाने के लिए डीपीआर तैयार किया जा रहा है।
सेंदरी-दर्रीघाट फोरलेन
NH-130 और NH-130A को जोड़ने के लिए सेंदरी से दर्रीघाट के बीच फोरलेन सड़क निर्माण हेतु सर्वे का कार्य जारी है।
दोनों परियोजनाओं की अनुमानित लागत करीब 2 हजार करोड़ रुपये आंकी गई है।
Adarsh Chaurasiya