छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात
छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश का दौर जारी है। रायपुर समेत कई जिलों में रातभर से बारिश हो रही है। रायपुर के भाठागांव, सुंदर नगर, महादेवघाट रोड और विधानसभा क्षेत्र सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया है। जगदलपुर के गंगा मुंडा इलाके के साथ निचली बस्तियों में पानी भर गया है। सुकमा और बीजापुर के कई गांवों में बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात हैं और पानी भरने से कई गांव टापू में बदल गए हैं। दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से इंद्रावती नदी उफान पर है और निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। गरियाबंद के देवभोग और अमलीपदर में तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। तेल और सुखतेल नदी समेत कई बरसाती नाले उफान पर हैं। कई घरों में पानी घुस गया है और हजारों एकड़ खेत जलमग्न हो गए हैं। 24 घंटे में 200 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज होने से 10 साल पहले आई बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सुकमा जिले की शबरी नदी का जलस्तर बढ़ने से झापरा पुल के ऊपर पानी बह रहा है जिससे एक दर्जन से ज्यादा पंचायतों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। एर्राबोर में NH-30 और सुकमा-दोरनापाल मार्ग पर भी पानी आने से यातायात प्रभावित हुआ है। बालोद, डौंडी-डौंडीलोहारा, देवरी, अर्जुन्दा, गुंडरदेही और गुरुर में नदी-नाले उफान पर हैं और खेतों में पानी भर गया है। बालोद शहर के बस स्टैंड, शिकारीपारा, कुंदरूपारा, रेलवे कॉलोनी और गंजपारा में जलभराव है।
परिवहन सेवाएं बाधित, ट्रेनें और उड़ान रद्द
भारी बारिश के कारण रायगढ़ मंडल के MVG-CTS स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर लैंडस्लाइड हुआ है। इसके चलते 25 सितंबर को किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की दो प्रमुख ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इनमें 58502/58501 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर और 18516/18515 किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस शामिल हैं। बारिश के कारण जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट भी रद्द कर दी गई है। बालोद में 24 घंटे से तेज बारिश के चलते रायपुर-जगदलपुर NH-30 के मरकाटोला घाट में गुरुवार रात पहाड़ से चट्टानें और बड़े पत्थर गिर गए। पुलिस ने पत्थर हटाकर रास्ता खुलवाया, बड़े पत्थरों को JCB से हटाया जा रहा है; दोबारा पत्थर गिरने की आशंका से एक तरफ से ट्रैफिक चलाया जा रहा है।
स्कूल बंद, परीक्षाएं स्थगित, प्रशासनिक उपाय और बांध संचालन
बस्तर जिले में लगातार बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए 25 सितंबर को भी जिले के सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। 24 सितंबर को भी जिले के स्कूल बंद रहे। 25 सितंबर को होने वाली त्रैमासिक परीक्षा के संबंध में अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे। गरियाबंद और कांकेर में भारी बारिश के चलते प्रशासन ने 25 सितंबर से होने वाली त्रैमासिक परीक्षा रद्द कर दी है। बालोद जिले के सभी स्कूल आज बंद हैं। बारिश के बीच इंद्रावती नदी के तटीय और निचले इलाकों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। कलेक्टर आकाश छिकारा ने SDM, तहसीलदारों और होमगार्ड कमांडेंट को फील्ड में रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। निचले इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। जलमग्न होने की आशंका वाले रपटों और पुल-पुलियों पर दोनों ओर बैरिकेडिंग कर कोटवार और निगरानी दल तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से उफनती नदी, नालों और रपटों को पार नहीं करने की अपील की है। आपात स्थिति में बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने को कहा गया है। धमतरी में लगातार बारिश से जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। गंगरेल 98.14%, मुरुमसिल्ली 100%, दुधावा 97.21% और सोदूर 88.18% भर चुका है। गंगरेल के 10 गेट खोलकर 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने से महानदी समेत आसपास की नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। सिकासार बांध से सुरक्षा के लिए 15,500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना गहरा लो प्रेशर एरिया उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके असर से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 25 सितंबर को प्रदेश के 25 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना डीप डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके धीरे-धीरे कमजोर होने के बावजूद इसका असर छत्तीसगढ़ के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में बारिश के रूप में दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
Arvind Vishwakarma