एमपी में 48 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी, 30 हजार शिक्षकों का प्रमोशन TET बाद
प्रमोशन प्रक्रिया और TET की समयसीमा
मध्य प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग के 30 हजार से अधिक शिक्षकों की पदोन्नति शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के परिणाम के बाद होगी। दिसंबर में माध्यमिक शिक्षा मंडल के माध्यम से पहली TET प्रस्तावित है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत दिसंबर 2028 तक छह बार TET आयोजित की जानी है। विभाग ने प्रमोशन के लिए शिक्षकों की सूची पहले ही तैयार कर रखी है। TET का रिजल्ट आने के बाद विभाग प्रमोशन की पहली सूची जारी कर सकता है।
सरकार ने 30 जुलाई से सभी विभागों में प्रमोशन प्रक्रिया शुरू की थी। करीब एक लाख प्रमोशन हो चुके हैं, लेकिन स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षक संवर्ग के प्रमोशन लंबित हैं। लिपिक संवर्ग और उच्च पदों पर बैठे अधिकारियों के प्रमोशन किए जा चुके हैं। TET के आवेदन की अंतिम तारीख 5 अक्टूबर कर दी गई है, पहले 18 सितंबर तक आवेदन होना था। आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय और माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
भर्ती की स्थिति और शिक्षक संगठनों का विरोध
फिलहाल स्कूल शिक्षा विभाग में करीब 10 हजार पद खाली हैं। मार्च 2027 तक करीब 8 हजार शिक्षक रिटायर होंगे, जिससे रिक्त पदों की संख्या लगभग 18 हजार हो सकती है। 30 हजार से ज्यादा शिक्षकों के प्रमोशन होने पर उनके वर्तमान पद भी खाली होंगे। इस तरह करीब 48 हजार पदों पर भर्ती की स्थिति बन सकती है। हालांकि वर्ग-1, वर्ग-2 और वर्ग-3 में कितने-कितने पद खाली होंगे, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
विभाग की मौजूदा तैयारी के मुताबिक शिक्षकों की नई भर्ती का विज्ञापन मार्च 2028 के बाद जारी किया जा सकता है। इसके बाद परीक्षा, रिजल्ट और नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होगी। इसलिए 2026 में शिक्षकों की नई भर्ती का विज्ञापन आने की संभावना फिलहाल नहीं है।
शिक्षक संगठन TET का विरोध करते हुए प्रमोशन जल्द करने की मांग कर रहे हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और विभागीय अधिकारियों के साथ हुई चर्चाओं में भी यह मुद्दा उठाया गया है। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने 27 सितंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन आंदोलन में भी प्रमोशन की मांग को शामिल किया है।
Ravi Yadav