दुर्ग में सेंट्रल GST इंटेलिजेंस का छापा, गुटखा फैक्ट्री से मशीनें और माल जब्त
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री पर रविवार को सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने छापा मारा। सूचना मिली थी कि यहां अवैध रूप से सितार कंपनी का गुटखा तैयार किया जा रहा है।
10 से 12 सदस्यों की टीम तीन वाहनों में मौके पर पहुंची और गोदाम के भीतर रखे सामान तथा गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच की। कार्रवाई के दौरान दो मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया गया। जब्त सामान की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कीमत और देय टैक्स का विवरण कार्रवाई पूरी होने के बाद सामने आएगा।
गोदाम मालिक और दस्तावेजों की जांच
गोदाम के मालिक का नाम सुरेश गुप्ता बताया जा रहा है। टीम गोदाम में मौजूद दस्तावेजों और शेष सामग्री की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि गुटखा निर्माण और बिक्री से जुड़े कारोबार में टैक्स संबंधी नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
जब्त सामान रायपुर ले जाया गया
कार्रवाई के बाद सेंट्रल GST की टीम जब्त की गई मशीनों और गुटखे को अपने साथ लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई। सामग्री की जांच और दस्तावेजों के मिलान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
Satyam Tripathi