हैदराबाद में बुर्का पहनकर चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, 70 लाख का सामान बरामद

· 1 min read
हैदराबाद में बुर्का पहनकर चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, 70 लाख का सामान बरामद

हैदराबाद में बुर्का पहनकर चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, 70 लाख का सामान बरामद

हैदराबाद पुलिस ने 25 वर्षीय पगा जया को बंद घरों में चोरी के पांच मामलों में गिरफ्तार किया है। उप्पल पुलिस और सेंट्रल क्राइम स्टेशन (CCS) की टीम ने 31 अक्टूबर को सुबह करीब 8 बजे उप्पल एक्स रोड्स के पास LB नगर रूट बस स्टॉप से उसे पकड़ा। उसके पास से सोने-चांदी के गहने, नकदी और आईफोन 17 समेत करीब 70 लाख रुपए का सामान बरामद हुआ है।

चोरी का तरीका और पहचान छिपाना

जया ऑनलाइन वीडियो देखकर घरों के ताले तोड़ने और चोरी करने के तरीके सीखती थी। वह अपने पति को बताए बिना चोरी की योजना बनाती थी। पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनकर वारदात को अंजाम देती थी। ऐसे घरों की पहचान करती थी जिनके लोग बाहर गए होते थे, फिर कटर मशीन से दरवाजों और अलमारियों के ताले तोड़ देती थी। घरों से सोने-चांदी के गहने और नकदी चुराती थी। जांच में सामने आया कि वह चोरी के कुछ गहने बेच देती थी और कुछ गिरवी रख देती थी। इससे मिले पैसों का इस्तेमाल अपने निजी खर्चों के लिए करती थी। एक बंद घर में घुसने की कोशिश के दौरान वह CCTV कैमरे में भी कैद हुई थी।

पृष्ठभूमि और आर्थिक तंगी

पगा जया मूल रूप से तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले के पलवंचा की रहने वाली है। उसने कोठागुडेम के अनुबोस कॉलेज में बीटेक में दाखिला लिया था, लेकिन आर्थिक परेशानियों के कारण पढ़ाई छोड़ दी। वह 2023 में हैदराबाद आई थी और 2024 में गोगुलोथु शिवकुमार से शादी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, आर्थिक तंगी और जल्दी पैसे कमाने की चाह में उसने चोरी करना शुरू किया। इससे पहले भी वह उप्पल थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले में शामिल रही थी। पुलिस को शक है कि वह उप्पल, मेडिपल्ली, भद्राद्री कोठागुडेम और जगतगिरिगुट्टा थानों में दर्ज पांच चोरी के मामलों में शामिल थी।

जांच की शुरुआत 27 अक्टूबर को गंगम भास्कर रेड्डी की शिकायत के बाद हुई। उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को परिवार के साथ मंदिर गए थे। अगले दिन लौटने पर घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। दो अलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे। शिकायत के मुताबिक, घर से करीब 48 तोला सोने के गहने, डेढ़ किलो चांदी के सामान और 2 लाख रुपए नकद गायब थे। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(a) के तहत केस दर्ज किया। आरोपी से पूछताछ के दौरान अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में जानकारी मिली। मामले की जांच जारी है।

Amit Pateria