मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश से 4 मौतें, रतलाम में अंडरब्रिज डूबे

· 1 min read
मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश से 4 मौतें, रतलाम में अंडरब्रिज डूबे

मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का कहर: 4 की मौत, 7 झुलसे; रतलाम में जलभराव, शिवपुरी में तबाही

मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश के बीच बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग झुलस गए। इनमें 4 बच्चे भी शामिल हैं। सीहोर में 2 युवकों, दमोह में एक युवक और पांढुर्णा में खेत में काम कर रहे एक किसान की जान चली गई। भोपाल में शनिवार रात को गरज चमक के साथ बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में बिजली गुल हो गई।

शिवपुरी में आंधी से भारी तबाही

मानसून की पहली तेज बारिश और आंधी ने शिवपुरी में भारी तबाही मचाई। तेज हवा से कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। एक ढाबा और मकान ढह गया। कार, बाइक और पेट्रोल पंप को भी नुकसान पहुंचा।

रतलाम में सड़कें और अंडरब्रिज डूबे

रतलाम में बारिश से सड़कें और अंडरब्रिज जलमग्न हो गए। झाबुआ में भी कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। विदिशा में भी तेज गर्मी के बाद शाम होते ही गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मानसून की स्थिति

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश के 15 जिलों में एंट्री करने के बाद मानसून ठहर गया है। 3 दिन से मानसून आगे नहीं बढ़ा है, जबकि अगले 2 से 3 दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। मानसून आगे बढ़ा तो पहले यह भोपाल-उज्जैन संभाग में पहुंचेगा, और आखिरी में ग्वालियर-चंबल में दस्तक देगा। 24 जून को प्रदेश में मानसून एंटर हुआ था, लेकिन इसके बाद यह आगे नहीं बढ़ा है।

प्रदेश में बारिश के आंकड़ों में सुधार

प्रदेश में पिछले 72 घंटे से बारिश हो रही है। कई जिलों में 4 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है, जिससे प्रदेश की ओवरऑल बारिश के आंकड़े में सुधार आया है। 1 जून से अब तक औसत 99 मिमी (4 इंच) बारिश होना थी, जबकि 58.5 मिमी (2.1) इंच पानी गिरा है, जो सामान्य से 41% कम है। 24 जून तक की स्थिति में यह आंकड़ा 50 प्रतिशत तक था, यानी, आंकड़े में 9 प्रतिशत तक का सुधार आया है।

Sachin Saxena