विश्व आदिवासी दिवस पर इंदौर में विशाल रैली
रैली का मार्ग
रविवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर इंदौर में आदिवासी समाज की ओर से विशाल रैली निकाली गई। जुलूस सुबह 6 बजे लालबाग परिसर से शुरू हुआ। यह कलेक्टोरेट चौराहा, पलसीकर चौराहा, सोनकर धर्मशाला चौराहा, सिंधी कॉलोनी चौराहा और टावर चौराहा होते हुए भंवरकुआं चौराहे पहुंचा। यहां से जुलूस राजीव गांधी चौराहे पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
हजारों युवा पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। उन्होंने ढोल-नगाड़ों और आदिवासी गीतों की धुन पर नृत्य किया। हाथों में झंडे और पारंपरिक वाद्ययंत्र लिए युवाओं ने उत्साह से रैली में हिस्सा लिया। आयोजकों ने सामूहिक नृत्य के जरिए रिकॉर्ड बनाने का दावा किया। बच्चे भी पारंपरिक अंदाज में नृत्य करते नजर आए। टंट्या भील चौराहे पर रैली देखने के लिए ब्रिज के ऊपर बड़ी संख्या में लोग खड़े रहे।
अधिकारों का संदेश
आयोजन के दौरान आदिवासी संस्कृति, परंपरा और समाज की एकजुटता का संदेश दिया गया। सामाजिक कार्यकर्ता दीक्षा ने कहा कि महिलाएं अपने हक-अधिकार के लिए सड़कों पर आवाज उठा रही हैं और सरकार के सामने अपनी बात मजबूती से रख रही हैं। अरुण बड़ोले ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समुदायों के हक-अधिकार, जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ उनकी रीति-रिवाज और परंपराओं को सम्मान देने का अवसर है।
Vivek Singh