रामेश्वर शर्मा का ओवैसी पर पलटवार: ऑपरेशन सिंदूर और यूसीसी पर तीखी बहस

· 1 min read
रामेश्वर शर्मा का ओवैसी पर पलटवार: ऑपरेशन सिंदूर और यूसीसी पर तीखी बहस

भोपाल में ओवैसी और रामेश्वर शर्मा के बीच ऑपरेशन सिंदूर व यूसीसी पर तीखी बयानबाजी

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार रात भोपाल के सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड में समान नागरिक संहिता (UCC) के विरोध में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। सभा AIMIM के UCC विरोधी अभियान का हिस्सा थी। ओवैसी ने भोपाल विधायक रामेश्वर शर्मा को सीधी चुनौती देते हुए कहा, "सुनो रामेश्वर…‘अगर माई के लाल हो तो काजी कैंप में आकर मिसाइल लॉन्च कराओ।’ मैं अकेले काजी कैंप में खड़े होने और शहीद होने के लिए तैयार हूं, लेकिन रामेश्वर शर्मा जैसे लोगों के सामने सिर नहीं झुकाएंगे।"

ओवैसी ने UCC पर कहा कि मध्यप्रदेश में करीब 21% आदिवासियों को UCC से बाहर रखा गया है, जबकि मुसलमानों को इसमें शामिल किया गया है। उन्होंने सवाल किया कि जब आदिवासियों की अलग संस्कृति, परंपरा और धर्म के कारण उन्हें UCC से बाहर रखा गया है तो मुसलमानों को इसमें क्यों शामिल किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि UCC के जरिए RSS का एजेंडा चलाया जा रहा है।

रामेश्वर शर्मा का पलटवार

बुधवार को विधायक रामेश्वर शर्मा ने ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "हमारे वैज्ञानिकों ने जो मिसाइल तैयार की, उसे भारत की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में तुम्हारे अब्बा के घर गिराकर बता दी। जब मिसाइल इस्लामाबाद में गिरी तो वहां आतंकवादी और इस्लामिक कट्टरपंथी रो रहे थे और यहां तुम जैसे नए-नए जिन्ना रो रहे हैं, छाती पीट रहे हैं।" शर्मा ने आगे कहा, "बैरिस्टर हो तो बदतमीजी की भाषा छोड़ दो। तुम बदतमीजी की भाषा बोलोगे तो मैं पूछता हूं कि ओवैसी क्या तुम @@@ की संतान हो?"

शर्मा ने जोर देकर कहा, "मिसाइल चलती थी, मिसाइल चलती रहेगी। जहां-जहां आतंकवाद के कैंप रहेंगे, जहां-जहां भारत विरोधी कैंप रहेंगे, वहां भारत की मिसाइल तैयार है। मैं कल भी अपने बयान पर कायम था, आज भी हूं। ओवैसी, तुम पूरा भाषण सुनो और तुम तो वकील हो, कोर्ट ले जाओ।"

यूसीसी पर रामेश्वर शर्मा की टिप्पणी

यूसीसी पर विधायक शर्मा ने कहा, "हर दल हिंदुओं से वोट लेना चाहता है तो फिर हिंदू कानून क्या बुरा है? ये 5 बीवी, 25 बच्चे की फैक्ट्री बंद होगी। भारत के गृह मंत्री अमित शाह की घोषणा है कि 2029 तक 21 प्रांतों में UCC लागू हो जाएगा। मध्य प्रदेश में लागू हो गया है। अब तुम छाती पीटो या इस्लामाबाद से अपने तार जोड़ो, UCC लागू होगा और बाबा साहेब अंबेडकर की भावना के अनुसार ही होगा।"

Pushpendra Chaubey