आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट के 10 ठिकानों पर ED की छापेमारी
बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रामपुर जेल में बंद सपा नेता आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्ट के 10 ठिकानों पर छापा मारा। रामपुर में सुबह सात बजे छह गाड़ियों से 15 अधिकारियों की टीम विश्वविद्यालय पहुंची और दस्तावेज खंगाल रही है।
रामपुर के अलावा सहारनपुर और दिल्ली में भी छापेमारी जारी है। इस दौरान सहारनपुर के CA दीपक गुप्ता का कार्यालय और घर भी शामिल है। यह कार्रवाई PMLA यानी प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत बताई जा रही है।
आरोप क्या है?
आरोप है कि सरकारी ठेकों से मिली राशि कथित तौर पर जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्ट तक पहुंचाई गई। बताया जा रहा है कि इस राशि का इस्तेमाल विश्वविद्यालय की संपत्तियां बनाने और अन्य कामों में किया गया। जांच में पता लगाया जा रहा है कि यह राशि किन लोगों और कंपनियों के जरिए ट्रस्ट या यूनिवर्सिटी तक पहुंची।
पिछला विवाद
15 जुलाई को रामपुर जिलाधिकारी ने विश्वविद्यालय की 40 में से 38 इमारतों को बिना नक्शा पास कराए निर्माण कराने के आरोप में ढहाने का आदेश दिया था। मुरादाबाद कमिश्नर की अदालत ने इस आदेश पर रोक लगा दी थी। मामला फिलहाल अदालत में है।
अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने छापेमारी के बीच सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण, एक्सप्रेसवे, पुल, सड़क, टंकी और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया और सवाल किया कि इन मामलों में ED की कार्रवाई क्यों नहीं होती। सपा नेताओं ने छापेमारी को राजनीतिक कार्रवाई बताया है।
Ravi Yadav