BCCI ने नए चीफ सेलेक्टर ढूंढना शुरू किया, अजीत अगरकर की विदाई तय

· 1 min read
BCCI ने नए चीफ सेलेक्टर ढूंढना शुरू किया, अजीत अगरकर की विदाई तय

बीसीसीआई ने पुरुष चयन समिति के नए अध्यक्ष की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की

भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति के नए अध्यक्ष की नियुक्ति प्रक्रिया आरंभ कर दी है। मौजूदा मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर को अनुबंध में विस्तार मिलने की संभावना नहीं दिख रही है। जुलाई 2023 में इस पद पर नियुक्त किए गए पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज का मौजूदा कार्यकाल 4 अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। पहले यह माना जा रहा था कि अगरकर को 2027 के वनडे विश्व कप तक सेवा विस्तार दिया जाएगा, लेकिन हालिया विवादों और मतभेदों के कारण बोर्ड ने अब नए चेहरे की तलाश शुरू कर दी है।

बीसीसीआई सचिव के बयान से मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर आहत हुए हैं। चयन समिति ने रोहित से बातचीत से पहले ही बोर्ड को अपने फैसले की जानकारी दे दी थी। बोर्ड के हस्तक्षेप से अगरकर और बीसीसीआई के रिश्तों में खटास की चर्चा है। इस बीच, अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया।

चयन समिति और बीसीसीआई के बीच तनातनी की मुख्य वजह पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर हुआ मतभेद है। सूत्रों के मुताबिक, अगरकर की अगुवाई वाली समिति ने रोहित शर्मा को स्पष्ट कर दिया था कि वे अब भविष्य की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं और 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए युवाओं को मौका दिया जाएगा। टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके रोहित पर ही वनडे करियर का फैसला छोड़ दिया गया था।

इस खबर से मचे बवाल के बीच बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने सार्वजनिक बयान देकर साफ किया कि रोहित को संन्यास के लिए मजबूर करने की कोई योजना नहीं है और जब तक वे चयन की दौड़ में हैं, उन्हें चुना जाता रहेगा।

अजीत अगरकर का कार्यकाल भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद स्वर्णिम रहा है। उनके नेतृत्व में भारत ने 2024 का टी20 विश्व कप जीतकर अपना आईसीसी ट्रॉफी का सूखा समाप्त किया, इसके बाद 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया और फिर इसी साल की शुरुआत में टी20 विश्व कप का खिताब सफलतापूर्वक रिटेन किया।

अगरकर की विदाई की खबरों के बीच बीसीसीआई ने नए अध्यक्ष के लिए दो नामों को प्राथमिकता में रखा है। इनमें पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल और मौजूदा चयन समिति के सदस्य प्रज्ञान ओझा का नाम सबसे आगे चल रहा है।

Ravi Yadav