भागलपुर में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा 17 से 23 जनवरी 2027 तक

· 1 min read
भागलपुर में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा 17 से 23 जनवरी 2027 तक

भागलपुर में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा का आयोजन

शिव परिवार सेवा समिति, भागलपुर के आमंत्रण को कुबेरेश्वर धाम (मध्य प्रदेश) के सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने स्वीकार कर लिया है। आगामी 17 से 23 जनवरी 2027 तक सात दिवसीय शिव महापुराण कथा का आयोजन भागलपुर में किया जाएगा। आयोजन की आधिकारिक घोषणा के बाद भागलपुर समेत सीमांचल और पूर्व बिहार के श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर है।

समिति की ओर से गंगा समग्र की राष्ट्रीय सह सेविका प्रमुख श्वेता सिंह, नीरज कुमार सिंह और गौरव कुमार ने पंडित प्रदीप मिश्रा से व्यक्तिगत भेंट कर उन्हें विधिवत आमंत्रण सौंपा। श्वेता सिंह ने कहा कि पूज्य महाराज श्री के दर्शन कर उन्हें भागलपुर की पावन धरती पर पधारने का न्योता देना और उनका स्नेहिल आशीर्वाद पाना क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का क्षण है। नीरज कुमार सिंह ने कहा कि महाराज श्री के मुख से शिवकथा सुनने को लेकर आमजन में अपार उत्सुकता है और यह आयोजन भागलपुर की सांस्कृतिक विरासत में ऐतिहासिक साबित होगा।

तैयारियां और स्थल चयन

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, आवागमन, पार्किंग और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसी कारण आयोजन स्थल का चयन अत्यंत सावधानी से किया जा रहा है। जल्द ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर उपयुक्त खुले मैदान या परिसर का चयन कर लिया जाएगा।

स्थल निर्धारण की प्रक्रिया पूरी होते ही पंडाल निर्माण, जल व्यवस्था, चिकित्सा शिविर और अन्य नागरिक सुविधाओं के संबंध में विस्तृत रूपरेखा सार्वजनिक की जाएगी। इसके अलावा, भागलपुर में 2 से 4 अक्टूबर तक स्वामी निरंजनानंद सरस्वती के योग व सत्संग कार्यक्रम की भी जानकारी दी गई है, जिसमें 500 लोगों को ही प्रवेश मिलेगा।

Navjeet Kaur