इंदौर में भगवान भोलेनाथ पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में कांवड़ियों का प्रदर्शन
इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में भगवान भोलेनाथ पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शनिवार को कांवड़ियों ने विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग चंदन नगर थाने पहुंचे और मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
सख्त कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने थाने के बाहर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि भगवान भोलेनाथ को लेकर की गई कथित टिप्पणी से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में तत्काल प्रकरण दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
पुलिस की जांच
एसीपी शिवेंद्र जोशी ने बताया कि चंदन नगर से गंगवाल की ओर कांवड़ यात्रा जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोग चंदन नगर थाने पहुंचे। उन्होंने आवेदन देकर आरोप लगाया कि दूसरे धर्म के एक धार्मिक गुरु ने हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी की है। शिकायत के साथ एक वीडियो भी दिया गया है। जांच की जा रही है कि वीडियो कहां का है और उसमें दिखाई दे रहा व्यक्ति कौन है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आंदोलन की चेतावनी
अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार ने कहा कि मौलाना जर्जिस अंसारी ने अपनी तकरीर में भगवान भोलेनाथ के बारे में अभद्र टिप्पणी की है। यदि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। अगले सोमवार को पांच हजार लोगों की कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी और जरूरत पड़ी तो थाने या एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
Adarsh Chaurasiya