बीजेपी विधायक की टिप्पणी पर महिला विधायक ने मंच पर आपत्ति दर्ज की
गुना में बलराम महोत्सव
मध्य प्रदेश के गुना में मंगलवार को राज्य स्तरीय बलराम महोत्सव का आयोजन नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।
शाक्य का बयान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य ने माता सीता को ‘मौत का सामान’ बताया। उन्होंने रामायण का उदाहरण देते हुए कहा कि रावण को उसके भाई ने समझाया था कि पराई स्त्री को ले जाना गलत है। शाक्य ने कहा कि रामायण के युद्ध में कोई महिला नहीं मरी, बल्कि पुरुष ही मरे।
उन्होंने महाभारत के युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि उसमें एक करोड़ पुरुष मारे गए, जबकि महिलाएं नहीं मरीं। शाक्य ने पृथ्वीराज चौहान और संयोगिता का उदाहरण भी दिया और कहा कि संयोगिता के कारण पृथ्वीराज चौहान के 55 सामंत कन्नौज से दिल्ली तक मारे गए।
महिला विधायक की आपत्ति
मंच पर बैठीं चांचौड़ा विधायक प्रियंका पेंची ने बीच में टोकते हुए कहा कि भाई साहब आप गलत बोल रहे हैं। महिलाओं ने भी बलिदान दिए हैं। उन्होंने कहा कि मैं भी महिला हूं, महिलाओं के बलिदान को भूल रहे हैं।
प्रियंका पेंची की आपत्ति के बावजूद शाक्य अपनी बात पर कायम रहे। उन्होंने कहा कि उन्होंने बहुत सारी किताबें पढ़ी हैं और उन्हें पता है कि कहां क्या हुआ है। इसके बाद उन्होंने प्रियंका पेंची से बैठने के लिए कहा।
प्राकृतिक खेती और सम्मान
शाक्य ने प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दिया और कहा कि विदेशी खाद के ज्यादा इस्तेमाल से जमीन खराब हो रही है। कार्यक्रम के दौरान किसानों को सम्मानित किया गया। डिप्टी डायरेक्टर हॉर्टिकल्चर ने किसानों को पारंपरिक और आधुनिक खेती की जानकारी दी। स्वागत भाषण डिप्टी डायरेक्टर एग्रीकल्चर संजीव शर्मा ने दिया।
Adarsh Chaurasiya