एशियाड से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को किट साइज की समस्या

· 1 min read
एशियाड से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को किट साइज की समस्या

एशियाड से पहले भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को किट साइज की समस्या

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम एशियन गेम्स से पहले सही साइज की किट के लिए परेशान है। टीम को रविवार तड़के नई दिल्ली से जापान के लिए रवाना होना है। कई खिलाड़ियों को उनकी फिटिंग की जर्सी नहीं मिली है। खिलाड़ियों को दो अलग-अलग जर्सी चाहिए: एक जापान से फ्रेंडली मैच के लिए और दूसरी एशियन गेम्स के लिए। इसी कारण यह दिक्कत हुई है।

इस मामले पर भारतीय ओलिंपिक संघ (आईओए) के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि ज्यादातर दिक्कतें दूर कर दी गई हैं। कुछ किट बाकी हैं, जिन्हें जल्द टीम तक पहुंचा दिया जाएगा।

भारत-जापान संबंधों के 75 वर्ष पर टी-20 मैच

भारत और जापान के रिश्तों के 75 साल पूरे होने पर 22 सितंबर को जापान के सानो शहर में टी-20 क्रिकेट मैच खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे। इसमें टीम इंडिया अपनी सामान्य किट पहनेगी। यह मैच ‘स्पोर्ट ७५’ पहल के तहत आयोजित होगा, जो जापान और भारत के बीच खेल में सहयोग और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए शुरू की गई है।

आवास व्यवस्था और अन्य तैयारियां

नागोया में दूसरे भारतीय खिलाड़ियों को रहने की जगह मिलने में हुई देरी को देखते हुए बीसीसीआई ने क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए खुद होटल का इंतजाम किया है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम आईओए की ओर से उपलब्ध कराए गए आवास में रह रही है। एक सूत्र ने कहा कि महिला टीम के आवास में कभी कोई समस्या नहीं थी, लेकिन पुरुष टीम के लिए आयोजकों ने जो कमरे दिए थे, उनमें किट बैग रखने तक की जगह नहीं थी। सूत्र ने बताया कि वहां बड़े होटल ज्यादा नहीं हैं, इसके बावजूद बीसीसीआई ने जापान रवाना होने से कुछ समय पहले अपना इंतजाम कर लिया।

एशियन गेम्स से पहले मेजबान शहर नागोया की व्यवस्थाओं पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। 30-35 भारतीय खिलाड़ियों को ठहरने के लिए कमरे नहीं मिले, जिसके बाद भारतीय ओलिंपिक संघ (आईओए) को कमरे बुक करने पड़े।

Amit Pateria