नेतन्याहू ने ब्रिटेन को ‘इस्लामिक रिपब्लिक’ बताया
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को एक पॉडकास्ट में कहा कि ब्रिटेन को ‘इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ब्रिटेन’ कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन परमाणु हथियार रखने वाला पहला इस्लामिक गणराज्य बन सकता है।
ईरान से तुलना
नेतन्याहू ने ब्रिटेन की मौजूदा स्थिति की तुलना ईरान से की। उन्होंने कहा कि इजरायल यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है कि ईरान परमाणु हथियार हासिल न कर सके। उन्होंने कहा, “किसी ने कहा था कि परमाणु हथियार रखने वाला पहला इस्लामिक रिपब्लिक ब्रिटेन होगा। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि ऐसा दूसरा देश न हो… आप जानते हैं मैं ईरान की बात कर रहा हूं।”
ब्रिटेन में इजरायल के प्रति रुख
नेतन्याहू ने कहा कि कुछ दशक पहले ब्रिटेन में इजरायल को लेकर सोच आज से काफी अलग थी। उन्होंने 1967 में अरब देशों के साथ हुए युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल के बेटे और पोते उस समय पत्रकार बनकर इजरायल आए थे और युद्ध की रिपोर्टिंग इजरायल के पक्ष में की थी। उन्होंने कहा कि आज के ब्रिटेन में ऐसा माहौल देखना मुश्किल है।
यूरोप को लेकर बयान
नेतन्याहू ने कहा कि पूरे यूरोप में ब्रिटेन जैसी स्थिति बन रही है। वह पहले भी यूरोप में बढ़ती मुस्लिम आबादी और प्रवासियों को लेकर चिंता जता चुके हैं। उनका कहना है कि यूरोपीय देशों में मुस्लिम आबादी बढ़ने के साथ वहां की सरकारों का इजरायल के प्रति रुख भी बदल रहा है। 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद गाजा में इजरायली सैन्य कार्रवाई शुरू हुई। इसके बाद कई यूरोपीय देशों ने इजरायल की कार्रवाई और गाजा में आम लोगों की स्थिति को लेकर उसकी आलोचना की। नेतन्याहू का मानना है कि यूरोप में आबादी में हो रहे बदलाव भी इजरायल के खिलाफ बढ़ती आलोचना की एक वजह हैं।
वेंस का बयान
नेतन्याहू का यह बयान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की 2024 की एक टिप्पणी से मिलता-जुलता है। वेंस ने एक भाषण में बताया था कि वह और उसका दोस्त चर्चा कर रहे थे कि परमाणु हथियार रखने वाला पहला इस्लामी देश कौन होगा। वेंस ने कहा था, “मुझे लगा कि शायद यह ईरान हो सकता है। पाकिस्तान तो पहले से ही परमाणु हथियार रखने वाला देश है। हालांकि ब्रिटेन भी ऐसा देश बन सकता है, क्योंकि वहां लेबर पार्टी सत्ता में आ गई है।” उस समय कीर स्टार्मर लेबर पार्टी की जीत के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बने थे। वेंस तब ओहायो से अमेरिकी सीनेटर थे।
इस्लामिक रिपब्लिक और इस्लामिक देश में अंतर
हर इस्लामिक देश जरूरी नहीं कि इस्लामिक रिपब्लिक हो। पाकिस्तान दोनों श्रेणियों में आता है, जबकि इंडोनेशिया मुस्लिम बहुल देश है, फिर भी उसे इस्लामिक रिपब्लिक नहीं कहा जाता।
Satyam Tripathi