(निर्मला का फैसला, बुंदेलखंड की सियासत में किसकी अग्निपरीक्षा)🙏 सवाल दर सवाल (राकेश अग्निहोत्री)

· 1 min read
(निर्मला का फैसला, बुंदेलखंड की सियासत में किसकी अग्निपरीक्षा)🙏 सवाल दर सवाल (राकेश अग्निहोत्री)

(सुप्रीम कोर्ट की समयसीमा से बढ़ी विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी, भाजपा के पुराने क्षत्रपों और नए नेतृत्व के सामने राजनीतिक संतुलन की चुनौती.). सवाल दर सवाल — राकेश अग्निहोत्री ✅✅✅ बुंदेलखंड की राजनीति में बीना विधायक निर्मला सप्रे की सदस्यता का विवाद अब महज दलबदल का मामला नहीं रह गया है.. सुप्रीम कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को दो महीने में निर्णय लेने का निर्देश देकर राजनीतिक अनिश्चितता को समयसीमा में बांध दिया है.. कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित निर्मला सप्रे के भाजपा के मंच पर जाने से शुरू हुआ विवाद अब संवैधानिक फैसले के मोड़ पर खड़ा है.. लेकिन सवाल केवल सदस्यता बचेगी या जाएगी, इतना भर नहीं है.. यदि सीट रिक्त हुई तो क्या भाजपा सागर संभाग की पुरानी राजनीतिक प्रतिस्पर्धाओं के बीच नया चुनावी संतुलन बना पाएगी? गोपाल भार्गव और भूपेंद्र सिंह जैसे अनुभवी नेताओं का मंत्रिमंडल से बाहर रहना, संगठन में पीढ़ीगत बदलाव और पिछले उपचुनावों के नतीजे इस सवाल को अधिक महत्वपूर्ण बनाते हैं.. निर्मला की सदस्यता पर फैसला कुछ भी हो, लेकिन संभावित उपचुनाव की चर्चा ने बुंदेलखंड की राजनीति में नए सवाल खड़े कर दिए हैं.. पुराने क्षत्रपों के बीच नए नेतृत्व का कितना असर? सागर की राजनीति हमेशा से व्यक्तित्व, जातीय समीकरण और क्षेत्रीय प्रभाव के इर्द-गिर्द घूमती रही है.. गोपाल भार्गव की लंबी राजनीतिक पारी और भूपेंद्र सिंह का संगठनात्मक अनुभव भाजपा की पुरानी ताकत का हिस्सा रहे हैं.. लेकिन मोहन सरकार में दोनों का कैबिनेट से बाहर रहना बदलती राजनीतिक प्राथमिकताओं की ओर संकेत करता है.. सागर भाजपा के भीतर भूपेंद्र सिंह और गोविंद सिंह राजपूत के बीच मतभेद भी सार्वजनिक चर्चा में रहे हैं.. संगठन स्तर पर सुलह की कोशिशों के बावजूद सवाल है कि स्थानीय राजनीति में कितना स्थायी समन्वय बन पाया है.. ब्राह्मण, ठाकुर, ओबीसी और अनुसूचित जाति के प्रतिनिधित्व की अपनी राजनीतिक अहमियत है.. गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, गोविंद सिंह राजपूत और सागर विधायक शैलेंद्र जैन जैसे नेताओं के प्रभाव वाले संभाग में बीना का संभावित उपचुनाव संगठन की सामूहिक कार्यशैली की परीक्षा बन सकता है.. सवाल यह भी है कि निर्मला सप्रे के लिए भाजपा के पुराने स्थानीय दावेदार कितनी सहजता से राजनीतिक जमीन तैयार करेंगे? क्या मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की जोड़ी अनुभवी नेताओं और नई पीढ़ी के बीच संतुलन बना पाएगी? या फिर टिकट और क्षेत्रीय प्रभाव की राजनीति नए अंतर्विरोध पैदा करेगी? दतिया-विजयपुर के नतीजे क्या भाजपा की चिंता बढ़ाएंगे? मध्यप्रदेश के पिछले उपचुनावों ने एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने रखा है कि सत्ता में होना किसी भी सीट पर जीत की गारंटी नहीं है.. विजयपुर में भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत की पराजय और दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत ने स्थानीय राजनीतिक समीकरणों का महत्व सामने रखा है.. दूसरी ओर अमरवाड़ा और बुधनी में भाजपा ने जीत हासिल की थी.. इससे स्पष्ट है कि हर विधानसभा क्षेत्र की अपनी अलग राजनीतिक परिस्थितियां होती हैं.. बीना का चुनावी इतिहास भी दिलचस्प है.. वर्ष 2023 में निर्मला सप्रे ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में भाजपा के महेश राय को 6,155 मतों से हराया था.. अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित इस सीट पर उम्मीदवार की सामाजिक स्वीकार्यता, स्थानीय विकास और संगठनात्मक नेटवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी.. यदि निर्मला की सदस्यता समाप्त होती है तो भाजपा के सामने उम्मीदवार चयन से लेकर स्थानीय नेताओं को एकजुट रखने तक कई सवाल होंगे.. कांग्रेस के सामने भी चुनौती होगी कि क्या वह दलबदल के मुद्दे को स्थानीय जनसमर्थन में बदल सकेगी? और सबसे बड़ा सवाल, क्या भाजपा के अनुभवी क्षत्रपों की सक्रियता संभावित चुनाव में निर्णायक राजनीतिक भूमिका निभाएगी? बॉक्स(एक फैसला, तीन राजनीतिक रास्ते) सदस्यता बरकरार रही तो: निर्मला सप्रे को तत्काल राजनीतिक राहत मिल सकती है.. हालांकि निर्णय को कानूनी चुनौती दिए जाने की संभावना बनी रहेगी.. सदस्यता समाप्त हुई तो: कानूनी औपचारिकताओं के बाद उपचुनाव की स्थिति बन सकती है.. ऐसी परिस्थिति में भाजपा के भीतर उम्मीदवार चयन और स्थानीय नेतृत्व की भूमिका चर्चा के केंद्र में होगी.. विवाद न्यायालय में फिर पहुंचा तो: सदस्यता का प्रश्न और लंबा खिंच सकता है.. इससे बीना की राजनीतिक अनिश्चितता बनी रह सकती है.. सवाल सिर्फ निर्मला का नहीं, बुंदेलखंड के संतुलन का है सुप्रीम कोर्ट ने निर्मला सप्रे की सदस्यता समाप्त करने का आदेश नहीं दिया, बल्कि विधानसभा अध्यक्ष को समयबद्ध निर्णय की जिम्मेदारी सौंपी है.. अब निर्णय संवैधानिक कसौटी पर होना है, लेकिन उसके संभावित राजनीतिक प्रभावों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.. सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह फैसला केवल एक विधायक के भविष्य तक सीमित रहेगा या बुंदेलखंड में भाजपा के पुराने और नए नेतृत्व के समीकरणों की नई परीक्षा की भूमिका भी तैयार करेगा?

Related Articles