दिवाली के दीये, सियासत के छिपे पटाखे!..भोपाल से दिल्ली तक, त्योहार की मिठास में संगठन, संदेश और सियासी समीकरणों की आहट.. (सवाल दर सवाल) (राकेश अग्निहोत्री)

· 1 min read
दिवाली के दीये, सियासत के छिपे पटाखे!..भोपाल से दिल्ली तक, त्योहार की मिठास में संगठन, संदेश और सियासी समीकरणों की आहट.. (सवाल दर सवाल) (राकेश अग्निहोत्री)

भोपाल। मध्यप्रदेश में दीपावली आई तो घरों में दीये जले, लेकिन राजनीतिक गलियारों में नजरें चेहरों पर टिकी रहीं। किसके घर कौन पहुंचा, किसने किसे मिठाई खिलाई और किसकी मुस्कान में कितनी मिठास थी, इन सवालों ने पटाखों से ज्यादा शोर मचाया। कई मुस्कानें राजनीतिक संकेत भी देती रहीं। राजनीति में दीपावली मिलन सिर्फ 'शुभ लाभ' नहीं, कई बार अगले मौसम की बहीखाता-पूजा भी होता है............ त्योहार से पहले भाजपा ने भोपाल में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल साथ दिखाई दिए। नड्डा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। संदेश दोहरा था, विपक्ष पर हमला भी, कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने की कवायद भी। दिल्ली से नड्डा का आना बताता है कि प्रदेश की सड़क पर निकला जुलूस राष्ट्रीय राजनीति की पटकथा से अलग नहीं। आखिर राजनीति में पैरों की चाल से ज्यादा अहम होता है कि दिशा कौन तय कर रहा है!............ धनतेरस पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में मोहन यादव, खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर की मौजूदगी में पूजन हुआ। उधर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद खंडेलवाल से भी भेंट की। मुख्यमंत्री निवास पर विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शुभकामनाएं देने पहुंचे। सब कुछ सौहार्दपूर्ण था, लेकिन राजनीतिक चश्मा कहता है कि मिलना-जुलना रिश्तों में जमी धूल झाड़ने का भी मौका है............ इस मिठास के बीच भाजपा की असली परीक्षा कुछ और है। इंदौर, सागर और रीवा जैसे इलाकों में नेताओं के मतभेद की खबरों के बाद दीपावली के पश्चात संभागवार मंत्री-विधायक समन्वय बैठकों की योजना सामने आई है। कहावत है, ‘घर का भेदी लंका ढाए’; सत्ता पक्ष फिलहाल चाहता है कि घर के पटाखे घर में ही रखे जाएं। मिठाई की प्लेट पर सजी मुस्कान भीतर की कड़वाहट नहीं मिटाती............ कांग्रेस ने दूसरी थाली सजाई। जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर किसान, महिला, युवा और छोटे व्यापारियों की राहत के सात सुझाव दिए। अवैध शराब पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। लेकिन सवाल कांग्रेस से भी है, केवल आरोपों की फुलझड़ी चलेगी या बूथ तक संगठन का दीपक जलेगा? सोमवार को पटवारी ने भोपाल में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इंदौर में भी मिलन का कार्यक्रम रखा गया............ दिल्ली में राहुल गांधी के दीपावली मिलन में पटवारी और दिग्विजय सिंह की मौजूदगी ने कहानी को दूसरा मोड़ दिया। भाजपा के लिए दिल्ली से नड्डा भोपाल पहुंचे, कांग्रेस के नेता भोपाल से दिल्ली की चौखट तक दिखे। वहां संगठन और आगे की राजनीतिक लड़ाई पर संवाद हुआ। कांग्रेस नेताओं को नवंबर के आखिर में दिल्ली के प्रस्तावित कार्यक्रम का संदेश भी मिला। अंतर बस इतना है कि एक पक्ष सत्ता की पकड़ मजबूत करने की रणनीति बुन रहा है, दूसरा अपनी खोई जमीन खोज रहा है............ गोवर्धन पूजा पर मोहन यादव ने गौसेवा को सरकारी कार्यक्रमों से जोड़ा और गौशालाओं को सहायता जारी की। धार्मिक आस्था, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जनसंपर्क, तीनों एक मंच पर दिखे। अब सस्पेंस यह नहीं कि किसने कितने दीये जलाए; प्रश्न है, त्योहारी रोशनी बुझने के बाद किसके संगठन में उजाला बचेगा? मिठाई के डिब्बे खाली होंगे, तब राजनीतिक हिसाब खुलेंगे............

Related Articles