नितिन नवीन आज नई भाजपा टीम का ऐलान कर सकते हैं, अनुराग-स्मृति की वापसी संभव

· 1 min read
नितिन नवीन आज नई भाजपा टीम का ऐलान कर सकते हैं, अनुराग-स्मृति की वापसी संभव

नितिन नवीन आज नई भाजपा राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर सकते हैं

संभावित टीम और कार्यकारिणी

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर सकते हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी की पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में वापसी संभव है।

नवीन के अध्यक्ष बनने के सात महीने बाद भी टीम का गठन पेंडिंग है। मानसून सत्र के बाद तैयार की गई नई संगठनात्मक टीम में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को जगह मिलने की संभावना है। पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपनी राष्ट्रीय टीम तैयार कर सकती है।

नई टीम में संभावित पद

नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, नौ राष्ट्रीय महामंत्री, जिनमें एक महामंत्री संगठन भी शामिल है, 15 मंत्री और एक राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की नियुक्ति हो सकती है। टीम में अधिकतम 38 सदस्य हो सकते हैं।

नवीन राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन भी कर सकते हैं। यह पार्टी की मुख्य कार्यकारी संस्था है। इसमें अध्यक्ष के अलावा अधिकतम 120 सदस्य हो सकते हैं। इनमें कम से कम 40 महिलाएं और 12 सदस्य एससी-एसटी वर्ग से होने आवश्यक हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष आवश्यकतानुसार विशेष आमंत्रित और स्थायी आमंत्रित सदस्यों को भी मनोनीत कर सकते हैं।

अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी

हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर लोकसभा सीट से सांसद अनुराग ठाकुर केंद्र सरकार में सूचना और प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्रालय संभाल चुके हैं। वह वित्त और कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री भी रहे हैं।

स्मृति ईरानी केंद्रीय मंत्री रह चुकी हैं और 2019 से 2024 तक अमेठी से लोकसभा सांसद रही हैं। वह भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी की राष्ट्रीय सचिव जैसी जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं।

मध्य प्रदेश के नेताओं की चर्चा

नई टीम में मध्य प्रदेश से खरगौन से सांसद व आदिवासी नेता गजेंद्र पटेल, अनुसूचित जाति से लाल सिंह आर्य और ओबीसी वर्ग से राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को मौका मिल सकता है। इसके अलावा बंशीलाल गुर्जर, अर्चना चिटनीस और अरविंद भदौरिया के बारे में भी राज्य के नेताओं से राय ली गई है।

Sharad Shrivastava