किरण रिजिजू का बयान: जेन-जी हमारे बच्चे, कांग्रेस नक्सली पार्टी बनती जा रही
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने एक इंटरव्यू में राहुल गांधी, जंतर-मंतर प्रदर्शन, संसद में हंगामे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'दिमागी नक्सल' वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी।
जंतर-मंतर प्रदर्शन और अभिजीत दीपके
रिजिजू ने कहा कि CJP फाउंडर अभिजीत दीपके AAP कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि वे छात्र नेता कैसे बन गए। रिजिजू ने आरोप लगाया कि AAP ने दीपके के जरिए छात्र आंदोलन को हाईजैक करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने तब कार्रवाई की जब प्रदर्शनकारी जबरदस्ती संसद की ओर बढ़ने लगे। रिजिजू ने कहा कि एक भी व्यक्ति को नुकसान नहीं हुआ, किसी की हड्डी नहीं टूटी और कोई प्रदर्शनकारी गंभीर चोट के साथ अस्पताल में भर्ती नहीं है।
राहुल गांधी और कांग्रेस पर टिप्पणी
रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा के मुताबिक काम करना चाहिए और सदन में बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसदों को बहस करनी चाहिए, सिर्फ हंगामा और नारेबाजी नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद का सामना करने से डर रही है और उसने चर्चा से भागने का बहाना बनाया। सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार थी।
Gen-Z और 'दिमागी नक्सल' बयान
युवाओं से जुड़ाव पर रिजिजू ने कहा कि उनमें कोई कमी नहीं है। जेन-जी हमारे अपने बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की बात सुननी होगी, उन्हें अपनी बात समझानी होगी और लगातार संवाद बनाए रखना होगा।
प्रधानमंत्री के 'दिमागी नक्सल' बयान पर रिजिजू ने कहा कि यह किसी खास विपक्षी पार्टी के लिए नहीं था। यह उन लोगों के लिए है जो देश को बांटने, आर्टिकल 370 वापस लाने या नॉर्थ-ईस्ट को अलग करने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि एक तरह से कांग्रेस पार्टी खुद माओवादी और नक्सली संगठन जैसी बनती जा रही है।
अन्य मुद्दे
रिजिजू ने मनमोहन सिंह के 2006 के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के परिवार से माफी मांगनी चाहिए। राहुल गांधी के PM मोदी पर तंज को लेकर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खुद हंसी का पात्र बन गए।
संसद के मानसून सत्र पर उन्होंने कहा कि संसद नहीं चलने पर सबसे ज्यादा नुकसान विपक्षी सांसदों का होता है। राम मंदिर चंदे और FCRA बिल पर चर्चा के लिए सरकार तैयार थी। FCRA बिल को JPC में भेजना अच्छा फैसला है। डीलिमिटेशन बिल कब आएगा, यह नेतृत्व तय करेगा। BJP की नई टीम में अनुभव और युवा नेतृत्व का संतुलन है।
Janmejay Chaturvedi