तमिलनाडु में नवजातों को सोने की अंगूठी, ₹220 करोड़ का बजट मंजूर

· 1 min read
तमिलनाडु में नवजातों को सोने की अंगूठी, ₹220 करोड़ का बजट मंजूर

तमिलनाडु सरकार नवजात बच्चों को देगी सोने की अंगूठी

योजना का बजट और वर्क ऑर्डर

तमिलनाडु सरकार ने सरकारी अस्पतालों में जन्मे नवजात बच्चों के लिए 1.28 लाख सोने की अंगूठियों के वर्क ऑर्डर जारी किए हैं। इस योजना के लिए 220 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है।

तमिलनाडु मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (TNMSC) ने शुक्रवार देर रात जॉयलुक्कास और कल्याण ज्वेलर्स को ऑर्डर दिए। ये अंगूठियां जून से सितंबर के बीच सरकारी अस्पतालों में जन्मे बच्चों को दी जाएंगी। योजना 15 सितंबर को द्रविड़ आंदोलन के नेता सी. एन. अन्नादुरई की जयंती पर शुरू की जाएगी।

विधानसभा में टेंडर प्रक्रिया पर बहस

तमिलनाडु विधानसभा में योजना के टेंडर को लेकर बहस हुई। विपक्षी दलों DMK और AIADMK ने खरीद प्रक्रिया पर सवाल उठाए। विपक्ष के मुताबिक कई कंपनियों ने अतिरिक्त शुल्क के तौर पर ₹410.97 से लेकर ₹15,000 से ज्यादा तक की बोली लगाई थी, लेकिन उन्हें टेंडर नहीं दिया गया। विपक्ष ने यह भी पूछा कि इस खरीद की जिम्मेदारी TNMSC को क्यों दी गई, जिसकी स्थापना केवल दवाइयां, मेडिकल उपकरण खरीदने और अस्पतालों के निर्माण के लिए हुई थी।

सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी बढ़ाने का उद्देश्य

मुख्यमंत्री विजय ने अप्रैल में विधानसभा चुनाव से पहले इस योजना की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि इसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी को बढ़ावा देना और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का भरोसा मजबूत करना है। यह योजना TVK के चुनावी वादों में शामिल थी।

टेंडर में 11 कंपनियों ने लिया हिस्सा

सरकार के मुताबिक 4 लाख से ज्यादा एक ग्राम की सोने की अंगूठियों की सप्लाई के लिए 14 जुलाई को टेंडर जारी किया गया था। TNMSC के इस टेंडर में 11 कंपनियों ने हिस्सा लिया और TN Tenders पोर्टल के जरिए अपनी कीमतें जमा कीं।

जॉयलुक्कास ने सोने की एक ग्राम कीमत को छोड़कर 0.01 रुपए की सबसे कम बोली लगाई। इसमें प्रोसेसिंग फीस, बीमा, परिवहन और BIS स्टांपिंग समेत सभी अतिरिक्त शुल्क शामिल थे। कंपनी ने कहा कि टेंडर की कुल कीमत करीब ₹755 करोड़ है, जिसमें सोने की कीमत पूरे खरीद मूल्य का सबसे बड़ा हिस्सा है। कंपनी ने यह भी कहा कि उसने सोने की मौजूदा कीमत से ऊपर केवल 1 पैसे का प्रतीकात्मक सेवा शुल्क लिया है।

Adarsh Chaurasiya