यूपी सरकार ने 52 नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट दीं
योगी सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव, मायावती समेत 52 नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट दी हैं। इनमें 11 कैबिनेट मंत्री भी शामिल हैं। मंत्री संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, ओम प्रकाश राजभर और अपर्णा यादव को जैकेट मिली है।
खरीद और कीमत
बुलेट प्रूफ जैकेट यूपी सरकार के सुरक्षा मुख्यालय ने खरीदी हैं। एक जैकेट की कीमत 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
पहली बार और चरण
सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा 2027 को देखते हुए सरकार ने एहतियातन यह फैसला लिया है। ऐसा पहली बार हुआ है जब नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट मुहैया कराई गई है। पहले चरण में 8 और दूसरे चरण में 44 नेताओं को जैकेट बांटी गई है।
सरकार ने आधिकारिक तौर पर बुलेट प्रूफ जैकेट बांटने की वजह का खुलासा नहीं किया। सुरक्षा मुख्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि पहले बुलेट प्रूफ जैकेट सुरक्षा मानकों में शामिल नहीं थी, अब इसे शामिल किया गया है।
सुरक्षा कैटेगरी
उत्तर प्रदेश में 98 नेता ऐसे हैं जिन्हें किसी न किसी कैटेगरी की सुरक्षा मिली है। सिर्फ मंत्रियों या विपक्ष के बड़े नेताओं को ही नहीं, बल्कि पश्चिम यूपी में भाजपा के नेता संगीत सोम और सुरेश राणा का नाम भी बुलेट प्रूफ जैकेट पाने वालों की सूची में शामिल है।
यूपी में 98 लोगों को सुरक्षा दी गई है। इनमें 26 लोगों को Y कैटेगरी, 10 को Y-प्लस, 10 को एस्कॉर्ट के साथ Y कैटेगरी और 13 लोगों को एस्कॉर्ट के साथ Y-प्लस कैटेगरी की सुरक्षा मिली है। 12 लोगों को Z-प्लस सुरक्षा मिली है।
Z-प्लस सुरक्षा पाने वालों में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी, अखिलेश यादव और मायावती शामिल हैं। केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व सांसद मुरली मनोहर जोशी, विनय कटियार, सुरेश राणा, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और हाईकोर्ट के एक रिटायर्ड जज को यह सुरक्षा दी गई है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को Z कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। बसपा के नेता सतीश चंद्र मिश्रा को भी Z सुरक्षा दी गई है। संगीत सोम, बृजभूषण शरण सिंह, मंत्री नंद गोपाल नंदी, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह और कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी को भी Z सुरक्षा मिली है।
मंत्रियों और नेताओं की सुरक्षा
मंत्रियों में लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेबी रानी मौर्य, ओम प्रकाश राजभर और बलदेव सिंह औलख को Y-प्लस कैटेगरी की सुरक्षा मिली है।
सांसद स्वामी सच्चिदानंद साक्षी, विधायक आदिति सिंह, राजेश्वर सिंह, आकाश सक्सेना, ठाकुर जयवीर सिंह और एमएलसी विशाल सिंह चंचल को एस्कॉर्ट के साथ Y-प्लस सुरक्षा दी गई है। पूर्व मंत्री नरेश अग्रवाल, पूर्व सांसद दिनेश लाल निरहुआ और पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय का नाम भी शामिल है।
मत्स्य मंत्री संजय निषाद को एस्कॉर्ट के साथ Y कैटेगरी की सुरक्षा मिली है। पंकज सिंह, कलराज मिश्रा, फागू चौहान, अपर्णा बिष्ट यादव, बृजलाल, राजवीर सिंह, पूजा पाल और संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा को भी एस्कॉर्ट के साथ Y श्रेणी की सुरक्षा मिली है।
संजय निषाद ने कहा कि उन्हें बुलेट प्रूफ जैकेट पहनना नहीं आता और अब तक इसे पहनना नहीं सिखाया गया है।
Sharad Shrivastava