भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश के 8 नेताओं को जिम्मेदारी
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश के 8 नेताओं को अहम राष्ट्रीय जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इन्हें मिली जिम्मेदारी
लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। खरगोन से सांसद गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है।
सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री बनाया गया है। राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। खजुराहो सांसद विष्णु दत्त (वीडी) शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है।
राज्यसभा सांसद बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आशीष उषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
नेताओं की पृष्ठभूमि
लाल सिंह आर्य वरिष्ठ दलित नेता हैं और गोहद विधानसभा सीट से विधायक तथा शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वे अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे हैं।
गजेंद्र पटेल खरगोन लोकसभा सीट से लगातार दूसरी बार सांसद हैं। वे भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रह चुके हैं।
कविता पाटीदार मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। वे इंदौर जिला पंचायत की अध्यक्ष और भाजपा की प्रदेश महामंत्री रह चुकी हैं। वे पूर्व मंत्री भेरूलाल पाटीदार की बेटी हैं।
विष्णु दत्त शर्मा खजुराहो से सांसद हैं। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे और फरवरी 2020 से जुलाई 2025 तक मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। 2019 में पहली बार सांसद बने और 2024 में दोबारा निर्वाचित हुए।
सौदान सिंह विदिशा जिले के कागपुर के रहने वाले हैं। वे पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे, अब राष्ट्रीय सह-महासचिव (संगठन) बनाए गए हैं और उनका मुख्यालय चंडीगढ़ रहेगा। शिवप्रकाश को भी इसी पद पर बरकरार रखा गया है, जिनका मुख्यालय मुंबई रहेगा।
तरुण चुघ पहले पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री थे, अब उन्हें राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया है। बंसीलाल गुर्जर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और 2024 में राज्यसभा सांसद बने। आशीष उषा अग्रवाल प्रदेश स्तर पर पार्टी की मीडिया गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।
नई राष्ट्रीय टीम की अन्य घोषणाएं
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को नई टीम का ऐलान किया। इसमें 13 उपाध्यक्ष और 8 महासचिव हैं। स्मृति ईरानी महासचिव और वसुंधरा राजे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाई गईं। बीएल संतोष संगठन महामंत्री बने हैं। भाजपा आईटी सेल के इंचार्ज अमित मालवीय हटाए गए हैं।
Amit Pateria