रूस का यूक्रेन में लक्ष्मी मित्तल के स्टील प्लांट पर हमला, 2 की मौत

· 1 min read
रूस का यूक्रेन में लक्ष्मी मित्तल के स्टील प्लांट पर हमला, 2 की मौत

रूस का यूक्रेन में लक्ष्मी मित्तल के स्टील प्लांट पर मिसाइल हमला, दो की मौत

रूस ने शनिवार रात यूक्रेन के क्रिवी रिह शहर में भारतीय अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट पर मिसाइल हमला किया। हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 13 कर्मचारी व ठेकेदार घायल हुए हैं।

उत्पादन पर असर

यह यूक्रेन का सबसे बड़ा स्टील प्लांट है। हमले के बाद प्लांट में प्रोडक्शन का कुछ काम रोकना पड़ा। प्लांट की ऊर्जा व्यवस्था और ब्लास्ट फर्नेस से जुड़े अहम हिस्सों को नुकसान पहुंचा है।

हमले के बाद दमकलकर्मी, बचाव दल और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव का काम जारी है।

2022 में भी हुआ था हमला

इस प्लांट पर रूस पहले भी हमला कर चुका है। 2022 में हुए रूसी मिसाइल हमले में प्लांट की एक रोलिंग मिल नष्ट हो गई थी और एक कर्मचारी की मौत हुई थी।

जवाब में यूक्रेन का ड्रोन हमला

यूक्रेन ने रूस के मॉस्को क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया। हमले में 83 साल के एक व्यक्ति की मौत हुई और कई लोग घायल हुए।

हमले में रूस की बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के एक वेयरहाउस में भी आग लग गई। यह जगह मॉस्को से करीब 45 किमी दूर है।

यूक्रेनी सेना ने दावा किया कि उसने रूस के रोस्तोव क्षेत्र में मिसाइल ईंधन बनाने वाली एक फैक्ट्री को भी निशाना बनाया।

लक्ष्मी मित्तल की कंपनी यूक्रेन में क्यों अहम है?

आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह यूक्रेन की अर्थव्यवस्था के लिए अहम औद्योगिक इकाई है। यह कंपनी दुनिया की बड़ी स्टील कंपनियों में शामिल आर्सेलरमित्तल का हिस्सा है, जिसके चेयरमैन और प्रमुख शेयरधारक भारतीय उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल हैं।

2005 में खरीदा था यूक्रेन का यह स्टील प्लांट

यूक्रेन का क्रिवी रिह स्टील प्लांट पहले सरकारी कंपनी के पास था। 2005 में लक्ष्मी मित्तल की कंपनी मित्तल स्टील ने इसे खरीद लिया। इसके बाद मित्तल स्टील का आर्सेलर के साथ विलय हुआ और 2006 में आर्सेलरमित्तल बनी। तब से यह प्लांट इसी कंपनी का हिस्सा है।

लक्ष्मी मित्तल भारतीय मूल के बड़े उद्योगपतियों में गिने जाते हैं। उनकी कंपनी आर्सेलरमित्तल दुनिया की बड़ी स्टील कंपनियों में शामिल है और कई देशों में कारोबार करती है।

Pushpendra Chaubey